राज्य

बिहार: बगहा से PK की ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ शुरू, महिलाओं को अब 2-2 लाख देने की सरकार से की मांग

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने रविवार (08 फरवरी) को पश्चिम चंपारण के बगहा से ‘बिहार नवनिर्माण यात्रा’ की शुरुआत की. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार में एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह राजनीतिक विकल्प खड़ा करना है, जिसके लिए संगठन लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रहा है. उन्होंने पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और सीएम नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं को अब 2-2 लाख रुपए दीजिए.

प्रशांत किशोर ने कहा, ”बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भी जन सुराज जनता के बीच सक्रिय रूप से मौजूद है और ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ के तहत हर जिले में संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य पुराने साथियों से मिलना, नए लोगों को जोड़ना और संगठन के ढांचे को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना है.” उन्होंने स्पष्ट किया कि वे संगठन के साथियों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय करने और हर जिले में संगठन का पुनर्गठन करने के उद्देश्य से इस यात्रा पर निकले हैं.

PK ने महिलाओं को 2 लाख रु देने के वादे का किया जिक्र

प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार द्वारा चुनाव के दौरान महिलाओं को 2 लाख रुपये देने के वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जन सुराज का संगठन घर–घर जाकर यह सुनिश्चित करेगा कि हर महिला को यह राशि मिले. उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह वादा पूरा नहीं करती है, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि यह घोषणा केवल चुनावी लाभ के लिए की गई थी.

पीके ने सरकार को दी चेतावनी

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील करते हुए कहा कि बिहार की महिलाओं को जल्द से जल्द 2–2 लाख रुपये की राशि दी जाए. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, ”यदि सरकार इस वादे को पूरा नहीं करती है, तो जन सुराज जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा.”

RJD-कांग्रेस गठबंधन में दरार पर क्या बोले पीके?

RJD–कांग्रेस गठबंधन में कथित दरार से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा, ”बिहार की जनता ने चुनाव में सभी की भूमिका तय कर दी है. NDA को सरकार चलाने का जनादेश मिला है, RJD को विधानसभा में विपक्ष की भूमिका दी गई है, और जन सुराज को समाज के बीच रहकर जनता के मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. जन सुराज पूरी ईमानदारी के साथ उसी जिम्मेदारी को निभा रहा है.”

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!