तेज प्रताप यादव ने पहली बार किया 5 जयचंदों का खुलासा, क्या बेटी के पिता भी बने? दे दिया जवाब

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने रविवार (08 फरवरी, 2026) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. जिन जयचंदों को लेकर वे लगातार हमला करते थे उनके नाम का पहली बार खुलासा किया. पहले नंबर पर उन्होंने आरजेडी के पूर्व विधायक मुकेश रोशन का नाम लिया. इसके बाद राज्यसभा सांसद संजय यादव, तेजस्वी के सहयोगी रमीज, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और फिर एमएलसी सुनील सिंह का नाम लिया. तेज प्रताप यादव ने इन्हीं पांच लोगों का नाम लेकर कहा कि इन जयचंदों ने बदनाम किया है.
दूसरी ओर सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई कि तेज प्रताप यादव बेटी के पिता बने हैं. अनुष्का मां बनीं हैं. केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर अनुष्का और तेज प्रताप यादव को बधाई दे दी. इस पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “जिस तरह से मांझी जी ने ट्वीट किया इन सारी चीजों को मैं खारिज करता हूं. हमारी छवि को खराब करने का काम किया गया है. हमारा कोई लेना देना नहीं है. पिछले दिनों हमने कहा था कि हमारे अकाउंट को हैक किया गया था… सही में किया गया था.”
VIDEO | Rejecting talks that he has been blessed with a daughter, National President of Janshakti Janta Dal Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) says, “I reject this completely, a controversy was created, Akash Bhati will be revealing the truth… They are trying to defame me… I will… pic.twitter.com/PDC0tSRnAM
— Press Trust of India (@PTI_News) February 8, 2026
अनुष्का यादव के साथ वायरल हुई थी तस्वीर
बता दें कि कुछ दिनों पहले अनुष्का यादव के साथ तेज प्रताप यादव की तस्वीर उनके एक्स हैंडल से शेयर की गई थी. बाद में तस्वीरें काफी वायरल हो गईं. अनुष्का के भाई आकाश भी मीडिया के सामने आए थे. बात इतनी बढ़ी थी कि लालू ने तेज प्रताप को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया था. परिवार से भी निकाल दिया था. अब इसी पर तेज प्रताप यादव ने कहा है कि उनका अकाउंट सही में हैक किया गया था.
तेज प्रताप यादव ने उठाए कई सवाल
पीसी के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि आलोक गुर्जर कौन है? आलोक गुर्जर से उस लड़की अनुष्का का क्या संबंध है वो बताएं. तेज प्रताप ने कहा कि जो लोग मुझे बदनाम कर रहे हैं उनके खिलाफ हम कोर्ट जाएंगे. ये संबंध मुझ पर थोपा गया है. ये एक गिरोह है जिसका संचालन मुकेश रोशन कर रहे हैं. मुकेश रोशन मेरी हत्या कराना चाहते हैं. मेरे पिता (लालू यादव) मुझे चूड़ा-दही में आशीर्वाद देने आए उन्हें रास नहीं आया. इसके साथ तेज प्रताप यादव ने और भी बहुत बातें कहीं.
यह भी पढ़ें- ‘केस कितना भी पुराना हो अगर आप ने…’, पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान



