Punjab: उबलते पानी में गिरा 5 साल का मासूम, नहलाने ले जाते समय टूटी बाल्टी से हुआ दर्दनाक हादसा

Punjab News: पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर शहर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पांच साल का एक मासूम बच्चा उबलते पानी से बुरी तरह झुलस गया. यह घटना आज सुबह ईदगाह बस्ती इलाके में हुई, जब बच्चे की मां उसे नहलाने के लिए गर्म पानी लेकर जा रही थी. इसी दौरान अचानक बाल्टी का तला टूट गया और उबलता पानी सीधे बच्चे के शरीर पर गिर पड़ा.
बता दें कि जले हुए बच्चे की पहचान शेखर के रूप में हुई है, जो विनोद कुमार का बेटा है और ईदगाह बस्ती गली नंबर-4, अबोहर का निवासी है. परिवार वालों के मुताबिक, शेखर उस समय बाथरूम के पास खड़ा था. जब उसकी मां गर्म पानी की बाल्टी लेकर अंदर जा रही थी. बाल्टी टूटते ही सारा उबलता पानी बच्चे के शरीर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.
दोनों टांगों तक त्वचा बुरी तरह झुलस गई
घटना के तुरंत बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने तुरंत शेखर को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के पेट से लेकर दोनों टांगों तक त्वचा बुरी तरह झुलस गई है. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
इलाज जारी, हालत नाजुक
फिलहाल बच्चे का इलाज एक बड़े अस्पताल में चल रहा है, जहां डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. डॉक्टरों के मुताबिक, जलने की गंभीरता जल्दी होने के कारण उसे विशेष देखभाल की जरूरत है. परिवार बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहा है.
इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने भी घरों में गर्म पानी का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर जब छोटे बच्चे आसपास हों.



