राज्य

राजस्थान हाईकोर्ट के जोधपुर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

राजस्थान हाईकोर्ट के जोधपुर स्थित झालामंड परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार (6 फरवरी) को हड़कंप मच गया. धमकी की सूचना मिलते ही रजिस्ट्रार प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया. सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय की सभी गतिविधियां रोक दी गईं और परिसर को सील कर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया. सूत्रों के अनुसार रजिस्ट्रार प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें जोधपुर और जयपुर दोनों हाईकोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. 

कोर्ट में चल रही थी सुनवाई

बता दें कि जिस समय धमकी भरा ईमेल मिला, उस समय न्यायालयों में नियमित सुनवाई चल रही थी. जैसे ही रजिस्ट्रार प्रशासन ने इस गंभीर सूचना से न्यायाधीशों को अवगत कराया, सभी न्यायाधीश तत्काल कोर्ट रूम से उठकर अपने-अपने चेंबर में चले गए और बाद में एकत्र होकर स्थिति की समीक्षा की. 

इसके बाद अधिवक्ताओं, वादकारियों और कोर्ट स्टाफ को तत्काल प्रभाव से कोर्ट परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए. कुछ ही देर में पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वायड, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं.

पूरे परिसर की ली जा रही तलाशी

पूरे परिसर को घेराबंदी करके चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां हाईकोर्ट भवन, कोर्ट रूम, चेंबर, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग और आसपास के क्षेत्रों की सघन जांच कर रही हैं. डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की जा रही है, वहीं बम निरोधक दस्ता तकनीकी जांच भी कर रहा है. 

एहतियातन आसपास की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है. प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. जांच पूरी होने और सुरक्षा स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कोर्ट परिसर को पुनः खोले जाने पर निर्णय लिया जाएगा.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!