Madhepura News: मधेपुरा में रिटायर्ड फौजी के बेटे ने पिस्टल से खुद को गोली से उड़ाया, पटना में करता था पढ़ाई

बिहार के मधेपुरा में गुरुवार (05 फरवरी, 2026) को एक नाबालिग छात्रा ने खुद को गोली से उड़ा लिया. घटना चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा गांव की है. मृतक की पहचान भटगामा के रहने वाले विनोद सिंह के पुत्र तन्मय कुमार के रूप में की गई है. उसकी उम्र 15-16 साल के करीब है.
दोपहर करीब एक बजे की है घटना
जानकारी के अनुसार, तन्मय ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या की है. विनोद सिंह फौजी से रिटायर्ड हुए हैं. घटना दोपहर करीब एक बजे की है. गोली लगने से तन्मय की मौके पर ही मौत हो गई. घर के लोगों को जैसे ही पता चला तो हड़कंप मच गया.
मौके से लाइसेंसी पिस्टल जब्त
घटना की सूचना मिलते ही चौसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल को जब्त किया. एसएफएल की टीम को भी सूचना दी गई. ग्रामीणों के अनुसार, तन्मय पटना में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था. बताया जा रहा है कि उसे नशे की लत लग गई थी. यही कारण है कि करीब डेढ़ महीने पहले उसके पिता उसे पटना से गांव लेकर आ गए थे.
आत्महत्या का कारण नहीं चला पता
आत्महत्या के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है. इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. अब देखना होगा कि जांच के बाद क्या कुछ निकलकर आता है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस घटना को लेकर चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आवश्यक कार्रवाई की गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर: मनोज हत्याकांड का खुलासा, पत्नी गिरफ्तार, सामने आई मर्डर की पूरी कहानी



