‘कोरियन कल्चर से हमें प्यार है’, गाजियाबाद की तीन बहनों ने सुसाइड नोट में क्या कुछ लिखा है?

गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की कथित सुसाइड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक, सुसाइड नोट में लिखा है कि कोरियन कल्चर से हमें प्यार है और हमें दूर किया जा रहा है. आपने हमें कोरियन से दूर करने का प्रयास किया. अब आपको पता चल गया होगा कि हम कोरियन से कितना प्यार करते हैं. जानकारी में सामने आया है कि तीनों बहनें कोरियन सॉन्ग, मूवीज, कार्टून, गेम्स और यूट्यूबर्स से प्रभावित थीं.
गेम्स के बारे में भी जानकारी मिली है. लेकिन कोई टास्क बेस्ड गेम्स नहीं थी. वो गेम्स भी खेलती थी, जो प्ले स्टोर पर होती थी. कोरियन कोई गेम नहीं है. इस सोसाइटी में 3 साल पहले शिफ्ट हुए थे. कोविड के बाद से ही स्कूल नहीं जा रहे थे. पति, 2 पत्नी, 5 बच्चे और साली घर में मौजूद थे.
बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से 3 बहनों ने लगाई छलांग
बता दें कि यूपी के गाजियाबाद में मंगलवार (03 फरवरी) देर रात कथित तौर पर तीन नाबालिग सगी बहनों ने बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी. इस घटना में तीनों बहनों की जान चली गई. बताया जा रहा है कि खुदकुशी की वजह से पीछे ऑनलाइन गेमिंग की लत बताई जा रही है.
गाजियाबाद सुसाइड केस की छानबीन में जुटी पुलिस
यह घटना गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी की है. गाजियाबाद पुलिस इस घटना की छानबीन में जुटी हुई है. उनका परिवार भारत सिटी सोसाइटी के बी-1 टावर के 907 नंबर फ्लैट में रहता है.
तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया अस्पताल
बताया जा रहा है कि तीनों लड़कियों की आदत इस तरह हो चुकी थी कि वे नहाने, खाने, स्कूल जाने और सोने जैसे रोजमर्रा के सभी काम एक साथ किया करती थीं. इसी तरह तीनों ने एक साथ इमारत से कूदकर खुदकुशी की. इस घटना से परिवार सदमे में है. हालांकि, अभी तक खुदकुशी की वजह का साफ तौर से कुछ पता नहीं चल पाया है. नाबालिग लड़कियों के सुसाइड की सूचना पर देर रात ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. फिलहाल, पुलिस टीम सुसाइड करने के पीछे का कारण पता करने की कोशिश कर रही है.



