रामपुर में शराब के लिए हैवान बना बेटा, पैसे देने से मना किया मां पर ईंट से किया हमला, हुई मौत

उत्तर प्रदेश के रामपुर में शराब की लत के चलते एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी. युवक को नशे की आदत थी, शराब के लिए मां ने पैसे देने से मना किया तो युवक ने मां के सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, पुलिस ने आरोपी युवक राजू को गिरफ़्तार कर लिया है. आगे कि विधिक कार्रवाई की जा रही हैं,
ये घटना रामपुर के थाना शाहबाद क्षेत्र की हैं जहां जोगेश्वर गाँव में राजू नाम का युवक मां माया देवी के साथ रहता था. युवक को नशे की बुरी लत थी, जिसे लेकर अक्सर घर में विवाद होता रहता था. शुक्रवार की शाम को भी राजू का मां के साथ शराब के पैसों को लेकर विवाद हुआ था.
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर हमला
मां ने जब बेटे को पैसे देने से इनकार कर दिया वो बुरी तरह भड़क गया और फिर उसने अपनी मां पर ही हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. मां के चिल्लाने पर राजू ने मां को ईंट से मारना शुरू कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया. जिससे वो बेसुध होकर ज़मीन पर गिर पड़ी. मां के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं थी.
इलाज के दौरान हुई मां की मौत
महिला के रोने और चिल्लाने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन, इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य एकत्रित किए.
मृतका की बेटी ने अपने भाई के ख़िलाफ थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी राजू को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है. पुलिस इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है.



