राज्य

ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल को महिला ने दांतों से काटा, की मारपीट! दिल्ली पुलिस ने किया अरेस्ट

नई दिल्ली के पूर्वी दिल्ली स्थित गीता कॉलोनी (Geeta Colony) इलाके में ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल पर हमला करने, दांत से काटने और पुलिस कार्य में बाधा डालने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. यह घटना एक फरवरी की रात करीब 8:15 बजे पुस्ता रोड पर हुई. पीसीआर कॉल मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई.

झगड़े की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल अंकुर और कांस्टेबल जावेद आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उन्हें झगड़े की सूचना मिली. सूचना के आधार पर दोनों पुलिसकर्मी पुस्ता रोड पहुंचे, जहां पहले से ही अफरा-तफरी का माहौल था. मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी और हंगामा चल रहा था, जिसे शांत कराने का प्रयास पुलिस ने किया.

महिला ने फाड़ी पुलिसकर्मी का वर्दी और दांतों से काटा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यवस्था बहाल करने के दौरान एक महिला और अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों को धक्का देना शुरू कर दिया. आरोप है कि महिला ने हेड कांस्टेबल अंकुर को पकड़ लिया, उनकी वर्दी फाड़ दी और उनके दाहिने कंधे पर दांत से काट लिया. इसी दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई.

बीएनएस के तहत केस हुआ दर्ज

इस घटना के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुलिस द्वारा बार-बार शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद हंगामा जारी रहा और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई. बाद में दोनों घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!