बेगूसराय में अवैध संबंध के शक में कत्ल! पति ने ही मारी पत्नी को गोली, आरोपी गिरफ्तार

बिहार के बेगूसराय में एक बार फिर कथित अवैध रिश्तों का खौफनाक अंत देखने को मिला है. यहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती, फिर प्यार और बाद में अवैध संबंध ने एक महिला की जान ले ली. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने किसी और को नहीं, बल्कि महिला के पति को गिरफ्तार किया है. यह घटना बेगूसराय के तेयाय थाना क्षेत्र की है.
दरअसल, रविवार को तेयाय थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया था. मृतका की पहचान रघुनंदनपुर गांव निवासी सुमन कुमारी के रूप में हुई थी. घटना के बाद मृत महिला के पति चंदन चौधरी और उसकी नाबालिग बेटी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया था.
पुलिस की जांच में कहानी पूरी तरह पलट गई
यह भी दावा किया गया था कि दो बाइक सवार अपराधियों ने पूर्व विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया है. लेकिन पुलिस की गहन जांच में कहानी पूरी तरह पलट गई. जांच की सुई घूमते-घूमते मृतका के पति पर जा टिकी और जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो सच्चाई सामने आ गई. हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि पति चंदन चौधरी ही निकला.
चंदन चौधरी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की- SP
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार ने बताया कि तेयाय थाना क्षेत्र निवासी चंदन चौधरी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की है. हत्या की वजह पत्नी के कथित अवैध संबंध बताए जा रहे हैं. एसपी ने बताया कि चंदन चौधरी को अपनी पत्नी पर लंबे समय से शक था. पत्नी की एक युवक से चार सालों से नजदीकियां थीं. दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और पत्नी बार-बार अपने प्रेमी से मिलने जाया करती थी.
पत्नी के अवैध रिश्तों का पति करता था विरोध
पति इसका विरोध करता रहा, समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब पत्नी नहीं मानी, तो उसने हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस के मुताबिक, 1 फरवरी को सुमन कुमारी अपने पति और छोटी बेटी के साथ बहन के यहां पूजा समारोह में शामिल होने जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में शौच जाने के बहाने पति ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार होने की झूठी कहानी गढ़ दी.
पूछताछ में आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूला!
हत्या के बाद चंदन चौधरी रो-रोकर गांव के एक युवक पर आरोप लगाता रहा, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा दिन नहीं चल सकी. पुलिस ने सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को जेल भेज दिया है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.



