जयपुर: हाईवे की रेलिंग तोड़ 30 फीट नीचे गिरा तेज रफ्तार ट्रक, उड़े परखच्चे, 2 घायल

जयपुर के शहरी इलाके में हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए एक तेज रफ्तार ट्रक 30 फीट नीचे गिर गया. यह ट्रक सर्विस लेन पर जाकर गिरा है. इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए हैं. हादसे में ट्रक ड्राइवर और खलासी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली है.
बता दें कि यह घटना सोमवार (2 फरवरी) की बताई जा रही है. इस बीच रेलिंग तोड़कर नीचे गिरने का लाइव वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया है. राहत की बात इतनी रही कि जब ट्रक नीचे सर्विस लेन पर गिरा तो उस वक्त वहां कोई राहगीर या फिर दो पहिया और चार पहिया वाहन नहीं जा रहा था.
बड़ा हादसा होने से टला
तेज रफ्तार ट्रक गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं रेलिंग के नीचे किसी के न होने से बड़ा हादसा टल गया. अगर सर्विस लेन में कोई होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. फिलहाल इस हादसे में दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
यह पूरी घटना दिल्ली-अजमेर हाईवे पर दादी का फाटक पुलिया के पास की है. गनीमत रही कि किसी भी तरह की बड़ी घटना होने की सूचना नहीं मिली है. इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का जायजा लिया. साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में पूछताछ भी की. इसको लेकर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है.
पुलिस के मुताबिक यह घटना सोमवार (2 फरवरी) की दोपहर 2 बजे के बाद की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि यह तेज रफ्तार ट्रक दिल्ली से अजमेर की तरफ जा रहा था. तेज गति की वजह से ट्रक बेकाबू हो गया जिसकी वजह से उसने अपना नियंत्रण खो दिया और रेंलिग से टकराकर नीचे गिर गया.



