राज्य

राजस्थान: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की बेतुकी सलाह, कहा- ‘गाय चराएं बेरोजगार युवा, मिलेंगे 10 हजार’

राजस्थान अपने विवादित बयानों और फैसलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले प्रदेश के शिक्षा और पंचायती राज विभाग के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने अब बेरोजगार युवाओं को गाय चराने की नसीहत दे दी है. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा है कि जो भी लोग गाय चराने का काम करेंगे, उन्हें हर महीने दस हज़ार रुपये का मानदेय भी दिया जाएगा.

मंत्री मदन दिलावर की दलील है कि गाय चराने का काम करके लोग न सिर्फ हर महीने दस हज़ार रुपये कमाएंगे, बल्कि हर साल उसका गोबर बेचकर 25 से 30 हज़ार रुपये अलग से भी हासिल कर सकते हैं.

गौ सेवा की दी नसीहत

दरअसल, मंत्री मदन दिलावर का गाय चरा कर रोजगार दिए जाने का यह बयान आज राज्य के बारां जिले के कोयला गांव में दिया गया. यहां एक सत्संग कथा में शामिल होने के लिए पहुंचे मंत्री दिलावर ने पहले अपने सरकार की दो साल की उपलब्धियों को गिनाया. विपक्ष पर सियासी निशाना साधा. फिर गौ सेवा की नसीहत दी. उन्होंने इसी दौरान गाय चराकर रोजगार हासिल करने का नया फार्मूला भी बताया.

‘पहले होते थे ग्वाले, फिर भी शुरू हो काम’

मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि पहले के समय में गांव के ग्वाल बाले होते थे. वह पूरे गांव की गायों को चराते थे. यह काम फिर से शुरू किए जाने की जरूरत है. जो भी लोग गायों को चराने का काम करेंगे, उन्हें हर महीने दस हज़ार रुपये का मानदेय दिया जाएगा.

‘एक लाख बीस हजार रुपये मिलेगा मानदेय’

उन्होंने कहा कि गाय चराने वाले को एक लाख बीस हज़ार रुपये का मानदेय हर साल मिलेगा, जबकि वह गायों का गोबर बेचकर 25 से 30 हजार रुपये अलग से कमा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि चारागाह की जिन जगहों पर कब्जा हो गया है, उसे वह पुलिस के जरिए खाली करा देंगे. उनके पास पुलिस के साथ ही एसडीएम और कलेक्टर की भी ताकत है.

शिक्षा मंत्री के बयान पर कांग्रेस ने घेरा

वहीं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इस विवादित बयान पर कांग्रेस पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया जताई है. कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने निशाना साधते हुए कहा है कि राज्य के सरकारी स्कूल जर्जर हैं. सरकार के पास उन्हें ठीक कराने के पैसे नहीं हैं और मंत्री गाय चराने का नया रोजगार दिए जाने का ऐलान कर रहे हैं. 

‘बयान का सीएम लें संज्ञान’

प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के मुताबिक सीएम भजनलाल शर्मा को मंत्री मदन दिलावर के इस बयान पर संज्ञान लेना चाहिए और तस्वीर साफ करना चाहिए. यह गरीब बच्चों और बेरोजगार युवाओं दोनों के साथ मजाक करने जैसा है. सरकारी स्कूलों में बच्चों की लगातार घटती संख्या पर अंकुश लगना चाहिए. वैसे आने वाले दिनों में मंत्री के इस बयान पर विवाद और बढ़ने की संभावना है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!