बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा: पटना में रोती रही छात्रा, नवादा में दीवार फांदकर लड़कियां घुसीं, बेगूसराय में भी हंगामा

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा आज (सोमवार) से शुरू हुई है. बेगूसराय, रोहतास और नवादा सहित कई जिलों से तस्वीरें सामने आईं कि लेट होने के चलते छात्र-छात्राओं को सेंटर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई. ऐसे में कुछ छात्राएं दीवार फांदकर सेंटर के अंदर जाती दिखीं.
पटना में भी बवाल की तस्वीर दिखी. दरअसल आदर्श सेंटर पर लिखे सेंटर का नाम और एडमिट कार्ड पर लिखे सेंटर का नाम मिसमैच होने के कारण एक छात्रा को काफी दिक्कत हुई. सेंटर और एडमिट कार्ड पर एड्रेस मिसमैच होने के कारण छात्रा को परीक्षा केंद्र में घुसने नहीं दिया गया. एडमिट कार्ड पर अंकित सेंटर को गलत सेंटर बताकर छात्रा का प्रवेश वर्जित कर दिया गया जिसके बाद छात्रा रोने लगी.
जिस सेंटर का ये मामला है उसका नाम कमला नेहरू बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, यारपुर, गर्दनीबाग है. एडमिट कार्ड पर लिखा हुआ एड्रेस है- कमला नेहरू बालिका हाई स्कूल यारपुर.
बेगूसराय में भीड़ ने लॉक तोड़ा
दूसरी ओर बेगूसराय में देर से पहुंची छात्रा को परीक्षा केंद्र का लॉक तोड़कर भीड़ ने प्रवेश कराया. इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर कर दिया. सुरक्षाकर्मियों ने हंगामा कर रही भीड़ को भी खदेड़ा. मामला आदर्श परीक्षा केंद्र जेके प्लस टू स्कूल का है. बताया जाता है कि छात्रा निर्धारित समय से विलंब से परीक्षा केंद्र पहुंची थी इसलिए गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे अंदर नहीं जाने दिया.
वहीं नवादा में परीक्षा केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें दिख रहा है कि एक लड़की दीवार फांदकर सेंटर के अंदर घुस रही है. नवादा के ज्ञान भारती स्कूल का ये मामला है. दूसरी ओर गांधी इंटर विद्यालय से भी ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा भी है.
रोहतास में नहीं मिली कई छात्राओं को एंट्री
रोहतास में भी देरी से सेंटर पहुंचने के चलते कई छात्राओं को परीक्षा देने से रोक दिया गया. जिले के रामारानी जैन बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय का मामला है. परीक्षा देने के लिए पहुंची छात्राओं का कहना है कि मात्र एक मिनट की देरी होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया.



