बिहार बजट सत्र के पहले दिन व्हीलचेयर पर आए तेजस्वी यादव! टूटा था अंगूठे का नाखून

बिहार विधानसभा में आज (सोमवार, 2 फरवरी) को बजट सत्र का पहला दिन है. पहले दिन ही विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठकर सदन में पहुंचे हैं. इसका वीडियो सामने आने के बाद से सबके मन में सवाल उठा कि तेजस्वी यादव को क्या हुआ, क्या वे बीमार हैं या कोई और तकलीफ?
इसका जवाब भी सामने आ गया है. दरअसल, करीब 8-9 दिन पहले, बीते 25 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को ठोकर लग गई थी, जिसकी वजह से उनके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया था. इसकी जानकारी पार्टी की ओर से कुछ समय पहले ही दी गई है. माना जा रहा है कि यही वजह है कि तेजस्वी यादव कुछ लोगों की मदद से व्हीलचेयर पर बैठकर बजट सत्र में पहुंचे हैं.
बताया जा रहा है कि फिलहाल, तेजस्वी यादव चिकित्सकीय देखरेख में हैं. इस बात की जानकारी भी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सोशल मीडिया पोस्ट से मिली है.
बिहार बजट सत्र पर क्या बोले भाई वीरेंद्र?
तेजस्वी यादव के नेता भाई वीरेंद्र ने कहा, “आज सत्र शुरू हो रहा है. सरकार की हर गलत नीति का हम जमकर विरोध करेंगे. एक NEET छात्रा के साथ जो घटना हुई है उसपर सरकार असमंजस में है. NDA के बड़े नेताओं के परिवार का उसमें हाथ है. सरकार कटघरे में खड़ी है. जनता के हितों के सवाल को आगे करने का काम हम करेंगे.”
‘नहीं चलने देंगे सदन’- RJD नेता
जानकारी के लिए बता दें कि आज विधानमंडल के बजट सत्र से पहले RJD ने NEET छात्रा मौत मामले का मुद्दा उठाने की योजना बनाई थी. इसको लेकर RJD के प्रधान महासचिव विधायक, रणविजय साहू बोले, “जबतक सदन में नीतीश इस मुद्दे पर सफाई नहीं देंगे. तबतक सदन नहीं चलने देंगे.”
आरजेडी नेता का दावा है कि इस घटना में सत्ता पक्ष में नेताओं की संलिप्तता है. इसलिए लीपापोती की गई है. CBI जांच के नाम पर गुमराह किया जाएगा. असली अपराधियों को बचाया जा रहा है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाकर रहेंगे. रेप हत्या का मामला है. बिहार पुलिस नाकाम हो गई.



