राज्य

उत्तराखंड: शीतकालीन चारधाम यात्रा में बढ़ी रौनक, 34 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे बाबा के दरबार

उत्तराखंड में चारधामों के कपाट बंद होने के बाद शुरू हुई शीतकालीन यात्रा को लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है. पिछले वर्ष से शुरू की गई इस पहल के तहत अब तक 34,140 श्रद्धालु चारधामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं. इससे सर्दियों में आमतौर पर सूने रहने वाले पहाड़ी इलाकों में फिर से रौनक लौट आई है.

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट सर्दियों में बंद हो जाते हैं. इसके बाद देवताओं की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों पर होती है. इन स्थानों में बदरीनाथ से जुड़े ज्योतिर्मठ, केदारनाथ के गद्दीस्थल ऊखीमठ, गंगोत्री का मुखवा और यमुनोत्री का खरसाली प्रमुख हैं. शीतकालीन यात्रा के कारण अब इन क्षेत्रों में देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं.

प्रवास स्थलों पर 34,140 यात्री कर चुके है दर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब एक साल पहले उत्तराखंड आकर शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने का संदेश दिया था. इसके बाद इस यात्रा को नई पहचान मिली और अब यह लगातार दूसरे वर्ष भी सफलतापूर्वक चल रही है. इस बार कपाट बंद होने के बाद से अब तक 34,140 यात्री इन प्रवास स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं. यह यात्रा अभी करीब ढाई महीने और चलनी है.

सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचे

चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि शीतकालीन यात्रा में सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ पहुंचे हैं. अब तक यहां 20,338 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं. इसके अलावा ज्योतिर्मठ, खरसाली और मुखवा में भी अच्छी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं. प्रतिदिन करीब एक से डेढ़ हजार श्रद्धालु इन स्थानों पर आ रहे हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शीतकालीन यात्रा से उत्तराखंड में बारहमासी पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है. इससे न केवल श्रद्धालुओं को सर्दियों में भी दर्शन का अवसर मिल रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं.

ये भी पढ़िए- बिहार: 31 साल बाद 1994 के पटोरी हत्याकांड में कोर्ट का आया फैसला, 5 लोगों को उम्रकैद की सजा

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!