राज्य

गुरुग्राम: टोल प्लाजा पर पुलिस की मुठभेड़, एक आरोपी के पैर में लगी गोली तो दूसरे का टूटा पैर

गुरुग्राम के घमरोज टोल प्लाजा पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पुलिस कस्टडी के दौरान दो आरोपी घायल हो गए. जबकि तीसरे को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार (30 जनवरी) को विनय, बॉबी और पवन नाम के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल की गई बंदूक छिपा रखी है. इसके बाद पुलिस टीम उन्हें हथियार बरामद करने के लिए गुरुग्राम के पुराने बहरामपुर गांव ले गई.

आरोपी विनय ने पुलिस पर चलाई गोली

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी विनय ने छिपाई गई बंदूक निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी. यह गोली सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मनमोहन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. जिससे वह बाल-बाल बच गए. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चली गोली विनय के दाहिने पैर में लग गई. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार

इसी मामले में दूसरा आरोपी बॉबी को भोंडसी इलाके में ले जाया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक बॉबी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह गिर पड़ा और उसके पैर की हड्डी टूट गई. उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी पवन को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया

बिना नंबर प्लेट की एसयूवी में सवार थे आरोपी

गौरतलब है कि पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी बिना नंबर प्लेट की एक एसयूवी में सवार थे. टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हो गई थी. इसके बाद उन्होंने बैरिकेड तोड़ दिए और वहां गोलीबारी की थी. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़िए- बिहार: 31 साल बाद 1994 के पटोरी हत्याकांड में कोर्ट का आया फैसला, 5 लोगों को उम्रकैद की सजा

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!