MP: तेज रफ्तार और ओवरटेक का जुनून बना काल! पांढुर्णा में नेशनल कराटे चैंपियन छात्रा और दोस्त की मौत

मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में बेहद ही दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है, जहां रफ्तार के शौक ने दो हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझा दिए. मोहि घाट पर गुरुवार (29 जनवरी) को सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में 13 वर्षीय नेशनल कराटे चैंपियन छात्रा और उसके 17 वर्षीय दोस्त की दर्दनाक मौत हो गई.
25 फीट तक घिसटी बाइक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब टीवीएस अपाचे बाइक पर सवार दो नाबालिग मोहि डैम की ओर घूमकर वापस लौट रहे थे. मोहि घाट के मोड़ पर बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि ओवरटेक करने की कोशिश में छात्र ने नियंत्रण खो दिया. बाइक सीधे लोहे की रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों नाबालिग बाइक समेत सड़क पर करीब 25 फीट से अधिक दूरी तक घिसटते चले गए. इस भयावह मंजर को देख राहगीरों की रूह कांप गई.
उभरती कराटे चैंपियन छात्रा की मौत
हादसे में जान गंवाने वाली 13 वर्षीय प्राची बिसेंदरे कोई साधारण छात्रा नहीं थी. वह कराटे की एक बेहतरीन खिलाड़ी थीं और 26 दिसंबर 2025 को दिल्ली में आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप में विजेता बनकर पांढुर्णा का नाम रोशन कर चुकी थीं. उनके पिता राजेश बिसेंदरे ने रुंधे गले से बताया कि प्राची सुबह यह कहकर घर से निकली थी कि पापा, बस 10 मिनट में वापस आती हूं, लेकिन वह 10 मिनट कभी पूरे नहीं हुए और परिवार को उसकी मौत की खबर मिली.
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे के तुरंत बाद हाईवे एम्बुलेंस की मदद से दोनों को पांढुर्णा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर शुभांगी वादबूदे ने प्राची और उसके साथी जयेश गोलाइत (17 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया. जयेश परिवार का इकलौता था. थाना प्रभारी अजय मरकाम और सहायक उपनिरीक्षक शिवकरण पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण अत्यधिक तेज रफ्तार और लापरवाही पाया गया है. हालांकि बाइक का सिर्फ इंडिकेटर टूटा है और हल्की खरोच आई है. मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामले की जांच के बाद ही असली वजह सामने आएगी. परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं.
Input By : सचिन पांडेय



