Delhi Weather: दिल्ली में फिर होगी गरज-आंधी के साथ बारिश! फरवरी की शुरुआत में बदलने वाला है राजधानी का मौसम

देश की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर और मध्य भारत में मौसम एक बार फिर अचानक बदलने जा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं जिस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. जनवरी के अंतिम और फरवरी की शुरुआत में यह मौसम बदलना ठंड को और बढ़ाएगा और जनजीवन पर सीधा असर डाल सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक नहीं बल्कि कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिसे मौसम वैज्ञानिक “डबल अटैक” मान रहे हैं. इसका सबसे पहला असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ जम सकती है, जबकि निचले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के साथ बारिश होगी. यही सिस्टम आगे बढ़ते हुए मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा, जिससे आसमान में बादल छाए रहेंगे और मौसम बार-बार करवट बदलता नजर आएगा. दिन में धूप कमजोर रहेगी और रातें सामान्य से अधिक सर्द हो सकती हैं.
दिल्ली में फिर होगी बारिश
दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा. आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा सकता है. सुबह के समय हल्का से घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जबकि रात में गरज-चमक के साथ बहुत हल्की बारिश संभव है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बनेगी आंधी-तूफान जैसी स्थिति
मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज हवाओं, गरज-चमक और अचानक बारिश के रूप में दिख सकता है. कई राज्यों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकते हैं. इसके चलते खुले इलाकों में आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है. बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिससे खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों के लिए जोखिम बढ़ सकता है. तापमान में गिरावट के कारण सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ेगी और सर्द हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं.



