राज्य

मुंबई में टैक्सी चालक की मनमानी, अमेरिकी टूरिस्ट से 400 मीटर दूरी के वसूले 18 हजार, गिरफ्तार

मुंबई में टैक्सी चालक की मनमानी की घटना का खुलासा हुआ. यहां 400 मीटर की दूरी तय करने के लिए एक अमेरिकी टूरिस्ट से 18,000 रुपये वसूलने के आरोप में 50 वर्षीय टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया गया है. शुक्रवार (30 जनवरी) को पुलिस द्वारा मामले की जानकारी दी गई.

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार (27 जनवरी) को देशराज यादव को गिरफ्तार किया. इसने टूरिस्ट को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपनी टैक्सी में बिठाया था और उसे हवाई अड्डे के पास एक पांच सितारा होटल में छोड़ा.

अमेरिकी टूरिस्ट ने साझा किया अनुभव

यह घटना तब सामने आई जब टूरिस्ट ने शहर में अपनी महंगी यात्रा के अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया. अर्जेंटीना एरियानो नामक टूरिस्ट ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘हाल ही में वह मुंबई पहुंची और होटल जाने के लिए टैक्सी ली. ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति पहले हमें एक अनजान जगह पर ले गए, हमसे 200 डॉलर (18,000 रुपये) लिए और फिर हमें होटल पर छोड़ दिया, जो केवल 400 मीटर दूर है.’

पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस सप्ताह की शुरुआत में स्वतः संज्ञान लिया और एक प्राथमिकी दर्ज की तथा यादव को तीन घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, अधिकारी ने बताया कि विदेशी नागरिक से संपर्क नहीं हो सका.

जांच में हुआ यह खुलासा

जांच में पता चला कि टैक्सी चालक महिला को अंधेरी ईस्ट के आसपास 20 मिनट तक गाड़ी में घुमाने के बाद उसी इलाके में वापस ले गया और उसे होटल में छोड़ दिया और बढ़ा हुआ किराया वसूला. पुलिस ने बताया कि यादव के साथी की तलाश जारी है.

अधिकारी ने दी यह जानकारी

अधिकारी ने बताया कि यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त में है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!