राज्य

भजनलाल सरकार ने बदली आबकारी नीति, शराब बिक्री का बढ़ेगा समय, रात 10 बजे तक खुलेंगी दुकानें

राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने राज्य में आबकारी की नई नीति को मंजूरी दी है. नई नीति में शराब की दुकानों के खुलने और बंद होने का समय अब आबकारी कमिश्नर तय करेंगे. आबकारी नीति में बदलाव कर सरकार अब शराब की दुकानों के बंद होने का समय रात आठ बजे से बढ़ाकर दस बजे करना चाहती है. 

यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि शराब की बिक्री ज्यादा हो सके और सरकार को ज्यादा राजस्व मिल सके. हालांकि इसे लेकर राजस्थान में अब सियासी घमासान मच गया है. पूर्व सीएम अशोक गहलोत के साथ ही राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इस पर सख्त एतराज जताया तो वहीं बीजेपी और राजस्थान सरकार मुद्दों पर बात करने के बजाय उल्टा कांग्रेस पर ही निशाना साध रही है. 

वित्त विभाग के बाद सरकार की मुहर

राजस्थान की नई आबकारी नीति पर वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद सरकार की भी मुहर लग गई है. माना यह जा रहा है कि सरकार की तरफ से यह बदलाव अपना खजाना भरने के लिए किया गया है. इसके तहत न सिर्फ शराब की दुकानों को बंद करने का समय रात आठ बजे से बढ़ाकर दस बजे तक कर दिया जाएगा, बल्कि शराब की कीमतों में इजाफा भी किया जाएगा. 

अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रिया

राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत बीमार होने की वजह से इन दिनों मुंबई में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं, लेकिन उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस पर सख्त एतराज जताया है. अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा है कि देर रात तक शराब की दुकानें खुली रहने से न सिर्फ अपराधों में इजाफा होगा बल्कि महिलाएं भी खुद को असुरक्षित महसूस करेंगी.

गोविंद सिंह डोटासरा ने बोला सियासी हमला

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तो सियासी हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार का खजाना खाली हो चुका है. कर्मचारियों को वेतन बांटने तक के पैसे नहीं बचे हैं. इसी वजह से अब शराब बेचकर सरकार अपनी जेब भरने की कोशिश में है. उनके मुताबिक अब यह वक्त आ गया है जब शराब की दुकानों के बंद होने का समय बढ़ाए जाने के बजाय पूरी तरह से शराबबंदी किए जाने का फैसला लिया जाना चाहिए. 

गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेडम ने क्या कहा?

दूसरी तरफ जब इस बारे में राज्य के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम से सवाल किया गया तो उन्होंने शराब की दुकानों के बंद होने का समय बढ़ाए जाने और इसके खराब असर पर बोलने के बजाय पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर सियासी निशाना साधा. 

मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने कहा कि अशोक गहलोत अपनी पार्टी में अलग-थलग पड़ गए हैं, इस वजह से वह सोशल मीडिया पर बीजेपी और उसकी सरकारों के खिलाफ बयानबाजी कर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं. राजस्थान के कानून मंत्री जोगाराम पटेल भी इस मुद्दे पर गोलमोल जवाब देकर बचने की कोशिश करते नजर आए. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!