‘…तो इसलिए देते हैं ऐसा बयान’, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा पर बोले अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज अपने संसदीय क्षेत्र कन्नौज पहुंचे. यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. इसके साथ ही अखिलेश यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है.
कन्नौज दौरे पर पहुंचे अखिलेश यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चुनाव नज़दीक हैं, इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि समाज को लड़ाने के बजाय सरकार को शिक्षा व्यवस्था सुधारने और रोजगार के साधन उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए. असम के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वह हमेशा मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं, इसलिए समाज को बांटने वाले बयान देते हैं.
‘शंकराचार्य को सरकार ने जानबूझकर किया अपमानित’
शंकराचार्य को लेकर दिए गए बयान पर अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य जी का बहुत बड़ा अपमान हुआ है. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कोई योगी मुख्यमंत्री हो सकता है, जो शंकराचार्य का सम्मान नहीं कर सका. अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य बिना गंगा स्नान किए वापस लौटे और उन्होंने जो बातें कहीं, उनका जवाब सरकार के पास नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर शंकराचार्य जी का अपमान किया.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि, “शंकराचार्य जी का बहुत बड़ा अपमान हुआ है. जो बातें उन्होंने कही हैं, सरकार के पास उनका कोई जवाब नहीं है. यह सब जानबूझकर किया गया.”
अखिलेश यादव ने आगामी जनगणना को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि जनगणना में देश के नागरिकों से जुड़ी सभी चीजें गिनी जाएंगी और समाजवादी पार्टी चाहती है कि इसमें जातीय जनगणना को भी शामिल किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने कोरोना वैक्सीन को लेकर सामने आ रही मौतों की खबरों पर भी सवाल उठाए और कहा कि अगर इसके आंकड़े सामने आएंगे, तो स्वास्थ्य विभाग बेहतर इलाज का रास्ता निकाल सकेगा.
सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर साधा निशाना
इसके अलावा अखिलेश यादव ने सोने चांदी की बढ़ती कीमतों पर भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है. अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा चाहती है कि आम लोग अब पीतल के जेवर पहनें, जबकि सोना भाजपा के लोग खरीद रहे हैं, तभी उसके दाम बढ़ते जा रहे हैं.
ममता बनर्जी के बयान का किया समर्थन
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम से जुड़े विमान हादसे के मामले में ममता बनर्जी के बयान का समर्थन करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सभी हवाई जहाजों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि जिस कंपनी का विमान क्रैश हुआ है, उसने कम समय में कई विमान खरीदे हैं, इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.



