राज्य

दिल्ली: हत्या के प्रयास में वांटेड आरोपी धीरज गिरफ्तार, पीड़ित पर चलाई थी गोली

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या की कोशिश के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी धीरज को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान धीरज पुत्र स्व. हवलदार, निवासी मुकुंदपुर के रूप में हुई है. वह थाना बुराड़ी में दर्ज FIR में वांटेड था और वारदात के बाद से लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक मामला अक्टूबर 2025 का है. पीड़ित मुकुंदपुर इलाके में अपनी मां के साथ चाय की दुकान पर मौजूद था. पीड़ित का आरोप है कि कुछ महीने पहले उसका स्थानीय युवकों प्रेम, नन्हे, धीरज और बबलू से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं.

 चार युवकों ने मिलकर किया हमला

8 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 7 बजे प्रेम और बबलू ने पीड़ित को पीछे से पकड़ लिया, जबकि नन्हे ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया. इसी दौरान धीरज ने देसी कट्टा निकालकर पीड़ित के सीने पर निशाना साधते हुए फायर कर दिया. गनीमत रही कि गोली पीड़ित को नहीं लगी, लेकिन पास की चाय की दुकान चलाने वाले निलेश के पैर में लग गई. अफरा-तफरी के बीच सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

 घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. जांच के दौरान दो नाबालिग आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया गया था. लेकिन मुख्य आरोपी धीरज लगातार फरार चल रहा था. उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे.

 द्वारका से हुई गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर 27 जनवरी 2026 को द्वारका सेक्टर-14 के ककरोला रोड से धीरज को दबोच लिया.

 पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में शामिल

पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी भलस्वा डेयरी इलाके में आर्म्स एक्ट के मामले में शामिल रह चुका है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया और इसके पीछे कोई और साजिश तो नहीं थी.

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!