राज्य

न सचिन पायलट और न हरीश चौधरी, गोविंद डोटासरा के पास रहेगी राजस्थान कांग्रेस की कमान, आलाकमान की दो टूक!

29 जनवरी को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की हुई बैठक के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं पर विराम लग चुका है. कांग्रेस आलाकमान फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष बदलने के मूड में नहीं है. ऐसे में PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पद पर बने रहेंगे. 

प्रदेश में होने जा रहे निकाय और पंचायत चुनाव के बाद भी डोटासरा पद पर रहेंगे, इस बात के संकेत दिल्ली से मिल चुके हैं. पार्टी आलाकमान ने पंचायत और निकाय चुनाव के बाद प्रदेश का दौरा कर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है, जिससे कि अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव की रूपरेखा तैयार की जा सके.

सचिन पायलट के नाम पर लग रही थी अटकलें

आपको बता दें, पिछले कुछ समय से प्रदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बदलने की चर्चाएं जोरों पर थीं, जिसमें कई नाम भी सामने आ रहे थे. इनमें सचिन पायलट, हरीश चौधरी, अशोक चांदना, CP जोशी सहित कई नाम थे. इनमें सबसे अधिक चर्चा सचिन पायलट के नाम की थी, लेकिन फिलहाल उनके समर्थकों को निराश होना पड़ेगा. क्योंकि कल दिल्ली में हुई बैठक के बाद यह तस्वीर साफ हो गई कि फिलहाल आलाकमान प्रदेशाध्यक्ष बदलने के मूड में नहीं है.

राहुल गांधी ने वोट चोरी पर राजस्थान के काम की तारीफ की

दिल्ली में हुई बैठक के दौरान राहुल गांधी ने वोट चोरी मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस के कामकाज की तारीफ की. इस दौरान प्रदेश के 52 हजार बूथों पर BLAs के कामकाज की जानकारी मांगी गई. वहीं मनरेगा और SIR से जुड़ी आगामी रणनीति को लेकर चर्चा की गई. वहीं कांग्रेस इस बार चुनावी साल से नहीं, बल्कि चुनाव से दो साल पहले ही चुनावी मोड़ में नजर आएगी. इसको लेकर निकाय और पंचायत चुनाव के तुरंत बाद संगठन से नए लोग जोड़ने का काम शुरू होगा. गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक कांग्रेस कार्यकर्ता जाएगा.

बैठक के बाद PCC चीफ ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की तरफ से यही संदेश है कि जनता के मुद्दों के लिए और सरकार द्वारा किए जाने वाले भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते रहें. हम पंचायत चुनाव के बाद राज्य में दौरा करेंगे, नए लोगों को जोड़ेंगे और संगठन को मजबूती देते हुए विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सरकार बनाएंगे.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!