UGC के नए नियमों पर आए सुप्रीम फैसले को लेकर क्या है RJD का स्टैंड? मृत्युंजय तिवारी ने बताया

यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. इस पूरे मामले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता मृत्युंजय तिवारी ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने साफ कहा कि मामला माननीय सर्वोच्च न्यायालय में है, इसलिए किसी तरह की राजनीतिक प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है.
मृत्युंजय तिवारी ने कहा, “माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने यूजीसी मामले पर संज्ञान लिया और इस पर तत्काल रोक लगाया. आगे सुनवाई होगी और माननीय न्यायालय के फैसले पर तो कोई राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं दी जा सकती है.”
उन्होंने आगे कहा, “सबको इंतजार करना चाहिए. माननीय सर्वोच्च न्यायालय में यह मामला है और जब तक सर्वोच्च न्यायालय का कोई फैसला अंतिम रूप से नहीं आ जाता है, तब तक इस पर कुछ भी प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है.”
उनका कहना है कि जब मामला अदालत में विचाराधीन हो, तब बयानबाजी से बचना ही लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीका है.
फैसले का करना चाहिए इंतजार
RJD नेता ने न्याय की अवधारणा पर भी बात करते हुए कहा, “ये न्याय का मतलब यही है ना, सबके साथ न्याय होना चाहिए. जो निर्दोष हो, वो फंसे नहीं और जो दोषी हो, वो बचे नहीं. यही तो न्याय है. इसलिए तो माननीय सर्वोच्च न्यायालय में यह पूरा मामला है. उनके फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए.”
यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 को लेकर पहले से ही देशभर में बहस चल रही है. सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद यह मुद्दा और चर्चा में आ गया है. हालांकि, मृत्युंजय तिवारी की प्रतिक्रिया से साफ है कि RJD इस मामले में किसी भी तरह का दबाव या टिप्पणी करने के बजाय न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहती है.
अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट की आगे की सुनवाई पर टिकी हैं. जब तक अदालत की ओर से अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी से दूरी बनाए रखने की बात RJD नेता ने दोहराई है.



