अलवर में पशु बाड़े को लेकर एक ही कुनबे के दो गुटों में हिंसक झड़प, 20 से ज्यादा घायल

राजस्थान के अलवर जिले के प्रतापगढ़ क्षेत्र में पशु बांधने के बाड़े को लेकर एक ही कुनबे के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया. प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के हमीरपुर स्थित गेंडाला की ढाणी में पहले पशु बांधने के बाड़े को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और फिर लाठी-डंडों व पत्थरबाजी में तब्दील हो गई.
जमकर हुई मारपीट
मामला इतना बढ़ गया कि घटना के दौरान करीब 100 लोग आमने-सामने आ गए और लगभग 20 मिनट तक जमकर मारपीट हुई. इस झड़प का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों गुटों को आमने-सामने लड़ते देखा जा सकता है. वीडियो में पहले महिलाओं के बीच विवाद होता दिख रहा है, जिसके बाद कुछ युवक भी झगड़े में शामिल हो जाते हैं. घटना में कई लोगों ने एक-दूसरे को जमीन पर पटक-पटक कर पीटा, जबकि कुछ लोगों ने आपस में ही सिर पर लाठियों से वार किए.
झड़प में 20 लोग घायल
इस पशु बांधने के बाड़े को लेकर इलाके में हिंसा इता बड़ गया कि झड़प में 20 से अधिक लोग घायल हो हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया. इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.
गंभीर रूप से घायलों को अलवर किया रेफर
बताया जा रहा है कि घायलों में पप्पूराम के परिवार के अधिक लोग शामिल हैं. गंभीर रूप से घायल लोगों में संतरा पत्नी रामस्वरूप, पायल पुत्री नेहरू, निर्मला पुत्री हरफूल, बसबाई पुत्री पप्पू, रामप्यारी पुत्री सुआराम, छोटा पुत्र रामस्वरूप, कोमल पुत्री फैलीराम, बाबूलाल पुत्र सुआराम, धोली पुत्री प्रहलाद और राजेश पुत्र मूलचंद को प्रतापगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार भी आसपास के अस्पतालों में जारी है. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर निगरानी भी रखी जा रही है.



