राज्य

सतना: BJP नेता पर घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल के बाद नोटिस जारी

मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. नागौद के बीजेपी मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन पर एक महिला ने घर में घुसकर मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. 

इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला देर रात का बताया जा रहा है जब आरोपी कथित तौर पर पीड़िता के परिसर में दाखिल हुआ. 

महिला के साथ की गई अभद्रता

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लोहे के सरियों के एक गोदामनुमा स्थान पर किस तरह महिला के साथ अभद्रता की जा रही है. पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीजेपी नेता पुलकित टंडन ने न केवल उसके साथ गाली-गलौज की, बल्कि उसके साथ मारपीट करते हुए उसे काफी देर तक प्रताड़ित किया. 

महिला का आरोप है कि आरोपी अपने राजनैतिक पद और रसूख की धौंस दिखाकर उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था. घटना के बाद सहमी हुई पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर नागौद थाने का रुख किया और आरोपी नेता के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, स्थानीय राजनीति में भी उबाल आ गया है. 

विपक्षी दलों ने उठाए सवाल

विपक्षी दलों और आम जनता के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली बीजेपी के नेता अब सत्ता के नशे में चूर है और महिलाओं की सुरक्षा को भी ताक पर रखने लगे हैं? फिलहाल नागौद थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पुलकित टंडन के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. 

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और महिला के बयानों के आधार पर  कार्रवाई की गई है. वहीं वायरल वीडियो और बीजेपी नेता के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जिले पार्टी कार्यालय से नोटिस जारी किया गया है जिसमें मामले को लेकर एक सप्ताह के अंदर जवाब तलब किया गया है.

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने मामले पर उठाए सवाल

जीतू पटवारी ने अपने ट्वीट में लिखा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी का राज नहीं, गुंडा राज चल रहा है. उन्होंने लिखा कि नागौद से बीजेपी का मंडल अध्यक्ष एक बहन के साथ मारपीट कर रहा है. जीतू पटवारी ने लिखा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी के गुंडों का हौसला इतना बढ़ गया है कि अब दिनदहाड़े वे बहन बेटियों के साथ मारपीट कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि बीजेपी सरकार में कार्रवाई के बजाय उन्हें संरक्षण मिलेगा.

जीतू पटवारी ने लिखा कि आए दिन बीजेपी के लोग आम जनमानस और महिलाओं पर अत्याचार कर रहे हैं, जो बीजेपी का असली चरित्र और चेहरा दर्शाता है. मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपील करते हुए उन्होंने लिखा कि तत्काल इस सरकारी गुंडे पर एफआईआर दर्ज की जाए और उसको गिरफ्तार किया जाए.

Input By : वेंकटेश द्विवेदी

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!