‘डंबल से मारा, दरवाजे पर सिर पटका’, दिल्ली पुलिस की महिला कमांडो की पति ने की हत्या, 4 महीने प्रेग्नेंट थी

दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. आरोप है कि हरियाणा सोनीपत जिले की रहने वाली काजल नाम की एक महिला की उसके ही पति ने बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी. इस हत्याकांड में दहेज प्रताड़ना का दावा किया गया है. आरोपी पति अंकुर रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर काम करता है.
काजल गन्नौर के बड़ी गांव की रहने वाली थी और चार महीने प्रेग्नेंट थी. आरोप है कि उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर दहेज के लिए उसकी हत्या कर दी. एक ओर काजल के घर वाले नन्हे मेहमान के आने का इंतजार कर रहे थे और आरोपी अंकुर ने उनसे उनकी बेटी भी छीन ली. काजल के परिवार वालों का कहना है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने दो हत्याएं की हैं. एक काजल की और दूसरी उस 4 महीने के भ्रूण की. काजल का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया.
शादी के 15 दिन बाद ही दहेज के लिए परेशान करने लगा अंकुर का परिवार
जानकारी के मुताबिक, 27 साल की काजल ने साल 2022 में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया था. यहीं पर उसकी मुलाकात गन्नौर के रहने वाले अंकुर से हुई थी. दोस्ती में दोस्ती हुई जो समय के साथ प्यार में बदल गई. काजल और अंकुर ने अपने परिवार वालों को मनाया और शादी कर ली.
शादी से पहले ही काजल साल 2023 में दिल्ली पुलिस की स्कॉट कमांडो टीम में सिलेक्ट हुई थी. अंकुर भी दिल्ली रक्षा मंत्रालय में क्लर्क के पद पर लग गया था. हालांकि, शादी के 15 दिन बाद ही अंकुर के घर वाले गाड़ी ओर दहेज की मांग करते हुए काजल को परेशान करने लगे थे.
अंकुर ने साले को बोला- आकर अपनी बहन का शव ले जा
काजल 2024 में दिल्ली शिफ्ट हो गई थी, लेकिन पति अंकुर उसके साथ तब भी गाड़ी और पैसों की डिमांड कर मारपीट करता था. 22 जनवरी को अंकुर ने काजल के भाई को फोन कर बताया कि उसने काजल की हत्या कर दी है. उसने भाई से कहा कि आकर काजल का शव ले जाए. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे ओर मामले और बेटी की लाश देखकर सन्न रह गए. उन्होंने तुरंत दिल्ली पुलिस में इसकी शिकायत की.
पिता राकेश ने बताया कि उनकी बेटी दिल्ली पुलिस में कमांडो थी और बड़ी मेहनत कर इस मुकाम तक पहुंची थी. मगर अंकुर ने 22 जनवरी को उनकी बेटी के सिर में लोहे का डंबल मारकर उसकी हत्या कर दी. पिता ने यह भी बताया कि काजल 4 महीने की गर्भवती भी थी.



