संजय निषाद के स्वागत में बड़ा हादसा, फूल वर्षा के लिए लाए JCB को ट्रक ने मारी टक्कर, 1 की मौत

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के स्वागत कार्यक्रम में बड़ा हादसा हो गया. जब बुधवार को उनके स्वागत के लिए जेसीबी से फूल बरसाने के दौरान एक ट्रक ने जेसीबी को टक्कर मार दी. इस हादसे में निषाद पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई जबकि एक तीन कार्यकर्ता घायल हो गए. जिन्हें इलाज के अस्पताल ले जाया गया है.
संजय निषाद बुधवार को कुशीनगर पहुंचे थे, जब उनका काफिला तमकुहीराज थाने के पास रजवटिया चौराहे पर पहुंचा तो वहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में निषाद पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे. इनमें से कुछ कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़कर मंत्री जी पर पुष्पवर्षा कर रहे थे.
ट्रक की टक्कर से बुलडोजर पलट गया
बताया जा रहा है कि स्वागत के दौरान ही एक तेज रफ़्तार ट्रक ने बुलडोजर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुलडोजर पलट गया और उस पर सवार कार्यकर्ता भी नीचे गिर गए. इस हादसे में जेसीबी पर चढ़े शंभू निषाद की मौत हो गई, जबकि अखिलेश, सिकंदर और गोलू नाम के कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गए.
एक कार्यकर्ता की मौत, तीन घायल
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में मंत्री व उनके सहयोगी तत्काल घायल कार्यकर्ताओं को अस्पताल ले गए लेकिन, इलाज के दौरान शंभू निषाद ने दम तोड़ दिया और उनकी मौत हो गई. वहीं तीन कार्यकर्ताओं का अब भी इलाज किया जा रहा है.
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने इस घटना के लिए पुलिस प्रशासन को ज़िम्मेदार बताया और कहा कि इस रास्ते पर स्वागत कार्यक्रम था, बावजूद इसके पुलिस ने वाहनों की एंट्री खोल दी, जिससे ट्रक कार्यक्रम तक पहुँच गया और ये बड़ा हादसा हो गया. घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक और मंत्री संजय निषाद ने अस्पताल का भी दौरा किया और उनका हालचाल जाना.
यूपी में शिक्षकों और शिक्षामित्रों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी, योगी कैबिनेट में आज लग सकती है मुहर



