मेरठ: शक में हैवान बना शौहर! बीच सड़क पर पत्नी को चाकू से गोदा, इलाज के दौरान मौत, गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शक के चलते एक बार फिर खून के रिश्ते शर्मसार हुए हैं. मेडिकल थाना क्षेत्र में एक ट्रक चालक शौहर ने अपनी ही पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उसे बीच सड़क पर चाकुओं से गोद डाला. गंभीर रूप से घायल महिला ने मंगलवार को अस्पताल में दम तोड़ दिया. पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, गोकुलपुर निवासी ट्रक चालक वकील का निकाह 19 साल पहले श्यामनगर (लिसाड़ी गेट) की रहने वाली समीना से हुआ था. उनके 6 बच्चे भी हैं. समीना के मायके वालों का आरोप है कि वकील अपनी पत्नी के चरित्र पर अक्सर शक करता था और इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे. पति की प्रताड़ना से तंग आकर समीना पिछले 11 महीनों से अपने बच्चों के साथ कमालपुर में किराए के मकान में रह रही थी और एक अस्पताल में वार्ड आया का काम कर अपना गुजारा कर रही थी.
काम से लौटते वक्त किया जानलेवा हमला
वारदात सोमवार (28 जनवरी ) रात करीब 8:00 बजे की है. समीना जब अस्पताल में अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी, तभी घात लगाकर बैठे वकील ने उसे रास्ते में रोक लिया. इससे पहले कि समीना कुछ समझ पाती, वकील ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए. चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मौके पर पहुंचते, आरोपी वहां से फरार हो चुका था. घायल समीना को तुरंत अस्पताल भर्ती कराया गया, लेकिन गहरे जख्मों के कारण मंगलवार को उसकी मौत हो गई.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत टीम गठित की. एसपी सिटी मेरठ, आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.



