राज्य

तेजस्वी यादव पर तेज प्रताप यादव का तंज, बोले- ‘हारने वाले को ही जिम्मेदारी…’

जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं. दरअसल, उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसा है. 

तेज प्रताप यादव ने कहा कि जो लगातार हारता है, उसे ही जिम्मेदारी दी जाती है. यह एक पुरानी प्रथा है, सदियों पुरानी परंपरा है. दरअसल, हाल ही में तेजस्वी यादव को आरजेडी के मुखिया लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.

बारामती प्लेन क्रैश पर क्या कहा?

वहीं महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की प्लेन क्रैश में मौत पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है. डीजीसीए को प्लेन क्रैश की जांच करनी चाहिए ताकि पता चल सके कि यह क्यों हुआ, यह हादसा था या कोई साजिश. हाल ही में एयर इंडिया की एक फ्लाइट भी क्रैश हुई थी. सरकार को ऐसी घटनाओं को गंभीरता से और अच्छी तरह से देखना चाहिए. पूरा देश हताश और परेशान है. मैं चाहता हूं कि पूरे मामले की जांच होनी चाहिए.”

‘हो सकता है षड्यंत्र’

इसके अलावा डिप्टी सीएम अजित पवार की मौत पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बयान पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “मुझे नहीं पता है कि वह क्या कह रही हैं, मैंने पहले भी कहा है कि षड्यंत्र हो सकता है, इसीलिए सरकार को इसकी गंभीरता के साथ जांच करनी चाहिए.”

रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर दिया ये बयान

वहीं रोहिणी आचार्य के पोस्ट पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “उन्होंने जो पोस्ट किया है, बिल्कुल सही कहा है. राजद हमारी पार्टी नहीं है, जो हम इस पर अब कुछ बयान दें. हमारी पार्टी अलग है. यह बात तो जाहिर है कि जिसके नेतृत्व में चुनाव हारते हैं, जिम्मेदारी भी उसी को दी जाती है.”

UGC पर क्या कहा?

यूजीसी के नए नियम को लेकर हो रहे विरोध पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “जो विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है, सभी को सरकार देख रही है. जनशक्ति जनता दल का यूजीसी को समर्थन है.”

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!