बारामती प्लेन क्रैश: अजित पवार के निधन के बाद 3 दिन का राजकीय शोक, स्कूल कितने दिन रहेंगे बंद?

बारामती विमान हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के निधन के बाद प्रदेश में शोक की लहर है. राजनीनिक जगत समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग ‘दादा’ को श्रद्धांजलि दे रहे हैं, साथ ही पीड़ित परिवार के सदस्यों को सांत्वना दिया जा रहा है. पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ गुरुवार (29 जनवरी) को अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस बीच राज्य में तीन दिन की शोक की घोषणा की गई है. स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है.
अजित पवार के निधन पर स्कूलों में कितने दिन छुट्टी?
तीन दिन की शोक की घोषणा के बीच स्कूलों में छुट्टी को लेकर स्टूडेंट्स और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति बन गई. कन्फ्यूजन ये है कि क्या शोक के दौरान सभी स्कूल तीन दिन के लिए बंद रहेंगे? हालांकि देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने सिर्फ आज यानी 28 जनवरी के लिए प्रदेश के सभी सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है. शिक्षा विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक सिर्फ 28 जनवरी को स्कूलों में छुट्टी है जबकि 29 और 30 जनवरी को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यांनी आपले सर्व कार्यक्रम रद्द केले असून ते आणि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दोघेही थोड्याच वेळात बारामतीसाठी रवाना होत आहेत. राज्यात आज शासकीय सुटी जाहीर करण्यात आली असून तीन दिवसांचा दुखवटा जाहीर करण्यात आला आहे.
— CMO Maharashtra (@CMOMaharashtra) January 28, 2026
लैंडिंग से पहले ही प्लेन हुआ क्रैश
बारामती में लैंडिंग से पहले ही प्लेन क्रैश हो गया, डिप्टी सीएम अजित पवार कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विमान में सवार होकर मुंबई से बारामती जा रहे थे, हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई. मुंबई से बुधवार (28 जनवरी) सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद हुए इस हादसे में मृतकों में अजित पवार के अलावा, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक सहायक के अलावा पायलट और को-पायलट शामिल हैं. पायलट सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, PSO विदिप जाधव और PA पिंकी माली की इस हादसे में जान चली गई.
29 जनवरी को होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार
अजित पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार और दो बेटे पार्थ और जय हैं. पत्नी सुनेत्रा पवार मौजूदा समय में राज्यसभा की सदस्य हैं. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के मुताबिक अजित पवार का अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में किया जाएगा. पार्टी के मुताबिक अंतिम संस्कार में पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की भी उम्मीद है.



