अजित पवार के निधन पर गोविंद सिंह डोटासरा का बयान, मच सकता है सियासी बवाल

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार (28 जनवरी) की सुबह प्लेन क्रैश में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है. अजित पवार के निधन पर नेताओं की तरफ से दुख जताया जा रहा है. वहीं राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद डोटासरा का बयान सामने आया है.
गोविंद डोटासरा ने कहा कि इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती कि विजय रूपाणी का विमान हादसा, हमारे CDS विपिन रावत का हादसा और अब अजित पवार का विमान हादसा और इन किसी भी हादसों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक न होने पर मैं समझता हूं कि कई सवाल खड़े होते हैं.
हादसों को लेकर डोटासरा ने पीएम और गृह मंत्री से की ये मांग
गोविंद डोटासरा ने इन तीनों हादसों को लेकर अपनी मांग रखी है. उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को इन तीनों हादसों की जांच करने के बाद रिपोर्ट को सार्वजनिक करके इसकी सच्चाई देश को बतानी चाहिए.
अजित पवार के निधन पर प्रकट की संवेदना
उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गोविंद डोटासरा ने सोशल मीडिया के माध्यम से दुख जताया है. उन्होंने अपनी ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा कि बारामती विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार सहित 6 लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण है.
गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे लिखा कि पवार परिवार एवं शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है, ईश्वर दुःख की घड़ी में उन्हें संबल प्रदान करें. बता दें कि अजित पवार के निधन पर देशभर सहित राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है.
अजित पवार के निधन पर राजकीय शोक का ऐलान
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान कर दिया है. साथ ही उन्होंने अजित पवार के निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए परिवार के समक्ष अपनी संवेदनाएं जताई हैं.



