राज्य

अजित पवार की याद में टूटे अनिल देशमुख, नहीं रोक पाए आंसू, कहा- ‘इस तरह उनका चले जाना पीड़ादायक’

महाराष्ट्र की राजनीति में आज (28 जनवरी) का दिन बेहद दुखद और भावुक कर देने वाला रहा. उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन की खबर सुनते ही एनसीपी-एससीपी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख अपने आंसू नहीं रोक पाए.

मीडिया के सामने अजित पवार को याद करते हुए अनिल देशमुख बार-बार भावुक हो उठे. उनका कहना था कि इस तरह किसी अपने का चला जाना बहुत पीड़ादायक है और यह खालीपन लंबे समय तक महसूस किया जाएगा.

अजित पवार के साथ कई अहम मौकों पर किया काम- अनिल देशमुख

अनिल देशमुख ने कहा कि अजित पवार के जाने की खबर ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अजित पवार केवल एक बड़े नेता ही नहीं थे, बल्कि एक ऐसे इंसान थे जिनके साथ उनका लंबा राजनीतिक और व्यक्तिगत रिश्ता रहा. देशमुख ने बताया कि उन्होंने अजित पवार के साथ कई अहम मौकों पर काम किया और उनके नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और प्रशासनिक समझ को बहुत करीब से देखा.

लोगों से अजित पावर का था सीधा जुड़ाव- देशमुख

आंसुओं के बीच अनिल देशमुख ने कहा कि अजित पवार हमेशा काम को लेकर गंभीर रहते थे. वे राजनीति को सिर्फ सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का जरिया मानते थे. उनका अचानक इस तरह चले जाना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है जिसे भर पाना आसान नहीं होगा.

देशमुख ने यह भी कहा कि बारामती और पूरे राज्य की जनता के लिए यह एक गहरा आघात है. अजित पवार का लोगों से सीधा जुड़ाव था और वे अपने क्षेत्र के हर सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे. यही वजह है कि आज लाखों लोग उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह याद कर रहे हैं.

पीड़ित परिवार के प्रति देशमुख ने व्यक्त की संवेदनाएं

अनिल देशमुख ने पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा राजनीतिक दल और राज्य उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं लेकिन कुछ रिश्ते और कुछ यादें ऐसी होती हैं जो दिल से जुड़ी होती हैं.

ये भी पढ़िए- Ajit Pawar Plane Crash: ‘चाह कर भी कोई मदद नहीं कर सका’, चश्मदीद ने बताई अजित पवार के प्लेन क्रैश की आंखों देखी

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!