मेरठ: नाले में गिरे बच्चे का नहीं लगा सुराग, 18 घंटे बाद भी सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बच्चा गहरे नाले में गिर गया, बच्चे की उम्र लगभग 8 से 10 साल बताई गई है. बच्चे के नाले की गिरने की सूचना पर प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने बच्चे को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बच्चे को बचाने के लिए प्रशासन पिछले 18 घंटे से तलाशी अभियान जारी रखा, लेकिन बच्चे का अभी तक पता नहीं चल सका है.
जानकारी के मुताबिक, यह मामला मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र से सामने आया है. यहां थाना टीपी नगर क्षेत्र के एक नाले में कूड़ा बीनते समय एक बच्चा गिर गया, बच्चे की तलाशी का अभियान 18 घंटे बाद भी लगातार जारी है. बताया गया कि सोमवार 26 जनवरी को डायल 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि एक बच्चा नाले में गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया.
बच्चे की तलाश में खुद नाले में उतरे थाना प्रभारी
वहीं इस सूचना पर मौके पर पहुंचे टीपी नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण मिश्रा खुद बच्चे को तलाशने के लिए नाले की गहराई में उतरे. सोमवार दोपहर से ही पुलिस, नगर निगम और राहत दल संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. नाले के भीतर जेसीबी मशीनों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर खुदाई कर बच्चे की तलाश की जा रही है.
पुलिस ने नाले के किनारे तैनात की टीमें
पुलिस ने नाले के किनारे-किनारे कुछ दूरी पर टीमें तैनात कर रखी हैं ताकि किसी भी संकेत पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. हालांकि, अब तक बच्चे का परिवार सामने नहीं आया है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार तलाश में जुटा हुआ है. देर रात और मंगलवार सुबह भी अभियान जारी रखा गया है. लेकिन अभी तक रेस्क्यू टीम को सफलता नहीं मिल सकी है.
ये भी पढ़ें: UGC के नियमों पर सपा सवर्णों के साथ या खिलाफ? प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कर दिया क्लियर



