Punjab: फतेहगढ़ साहिब में दोस्तों ने कर दी 12वीं में पढ़ने वाले लड़के की हत्या, माता-पिता का इकलौता बेटा था

Punjab News: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से बहुत ही दुखद खबर सामने आ रही है, जहां 12वीं के स्टूडेंट की बहुत ही बेरहमी के साथ हत्या कर दी गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, खमाणों के बाजार में सोमवार रात 8 बजे छोटी मोटी बात को लेकर तू-तू मैं-मैं के बाद दोस्तों ने उस पर किरच से हमला कर दिया था.
मृतक की पहचान मनविंदर सिंह उर्फ मान के रूप में हुई. वह प्राइवेट स्कूल में 12वीं क्लास का स्टूडेंट था और माता-पिता का इकलौता बेटा था. घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर उसके ताया मौजूद थे. शोर सुनकर ताया सुरिंदर सिंह शिंदा तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्टूडेंट की मौत हो चुकी थी. इस दर्दनाक घटना ने परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ा दी.
बाजार में खरीदारी करने गया था परिवार
मृतक के ताया सुरिंदर सिंह शिंदा ने बताया कि मृतक के परिवार में इस समय शादी समारोह चल रहा था और वे सभी बाजार में खरीदारी करने गए थे. इसी दौरान घटना घटित हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में दो नौजवानों को हिरासत में लिया गया है, जिनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
स्थानीय प्रशासन और पुलिस का कहना है कि इस घटना की पूरी गहनता से जांच की जाएगी. परिवार और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. पुलिस ने कहा कि आरोपी और घटना की परिस्थितियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है और जल्द ही न्याय सुनिश्चित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें –
पंजाब: विदेशी कॉल, 50 लाख की रंगदारी और अब गिरफ्तारी, गोल्डी बराड़ के माता-पिता फंसे, जानें पूरा मामला
‘पंजाब के संवैधानिक अधिकारों से कोई समझौता नहीं’, गणतंत्र दिवस पर सीएम भगवंत मान की दो टूक



