MP: 60 साल के बुजुर्ग को बाइक से बांधकर 4 किलोमीटर तक घसीटा, खाल कटी, हड्डियां बाहर आईं

MP News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 60 साल के एक वृद्ध केवल इसलिए युवकों की हैवानियत का शिकार हो गए, क्योंकि उन्होंने रास्ते में रुकने से इनकार कर दिया. पीड़ित वृद्ध साइकिल से सिमरिया मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह भयानक घटना घटी.
पीड़ित की पहचान लक्ष्मण प्रजापति के रूप में हुई है, जो रीवा जिले के निवासी हैं. रास्ते में कुछ युवक मोटरसाइकिल लेकर खड़े थे. जैसे ही उन्होंने लक्ष्मण प्रजापति को साइकिल से आते देखा, उन्होंने उनका रास्ता रोक लिया और रुकने को कहा, लेकिन वृद्ध ने उनकी बात नहीं मानी और साइकिल चलाते हुए आगे बढ़ गए.
अपमान का बदला बना जानलेवा हमला
युवकों को यह बात नागवार गुजरी. उन्हें लगा कि वृद्ध ने उनकी बात न मानकर उनका अपमान कर दिया है. इसी गुस्से और अहंकार में युवक दल ने बदला लेने की ठान ली. उन्होंने वृद्ध का पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें जबरन पकड़ लिया. इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को सिहरा दिया. पीड़ित की बहू सोनू प्रजापति ने बताया कि युवकों ने बेहद क्रूरता से इस वारदात को अंजाम दिया.
आरोप है कि लक्ष्मण प्रजापति के हाथ मफलर से बांध दिए गए और फिर उन्हें एक मोटरसाइकिल से बांध दिया गया. इसके बाद उसी हालत में उन्हें सड़क पर लगभग 3 से 4 किलोमीटर तक बाइक से घसीटा गया. इस दौरान वृद्ध दर्द से तड़पते रहे, लेकिन आरोपियों ने कोई रहम नहीं दिखाया.
त्वचा कटी, हड्डियां बाहर आईं
सड़क पर घसीटे जाने से लक्ष्मण प्रजापति के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं. उनके हाथों की त्वचा कट गई है और हड्डियां तक बाहर आ गई हैं. पूरे शरीर पर गहरे जख्म हैं. इस बर्बर हमले के बाद उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. फिलहाल वह मौत से जूझ रहे हैं.
यह भयावह दृश्य कुछ ग्रामीणों ने देख लिया. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक इलाके में तनाव फैल चुका था. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
अस्पताल में चल रहा इलाज
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल लक्ष्मण प्रजापति को रीवा जिले के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना में तीन युवक शामिल हैं. इनमें से एक आरोपी की पहचान पीड़ित ने कर ली है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



