गणतंत्र दिवस पर महाराष्ट्र ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड! 2 करोड़ छात्रों ने मिलकर गाए देशभक्ति गीत, ऐतिहासिक था दृश्य

गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र ने देशभक्ति और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण पेश किया. राज्य के एक लाख स्कूलों के दो करोड़ से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ देशभक्ति गीत गाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है. यह जानकारी राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने दी.
दादा भुसे ने बताया कि यह आयोजन ‘राष्ट्र प्रथम’ पहल के तहत किया गया था, जिसमें छात्रों ने एक ही समय पर एक जैसी लय और अनुशासन के साथ देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. इस ऐतिहासिक आयोजन को ‘वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ ने आधिकारिक रूप से दर्ज किया है, जिससे महाराष्ट्र के नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड जुड़ गया है.
देशभक्ति, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना उद्देश्य- मंत्री
मंत्री दादा भुसे ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छात्रों में देशभक्ति, एकता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना था. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में केवल छात्र ही नहीं, बल्कि करीब सात लाख शिक्षक भी सक्रिय रूप से शामिल हुए और उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन किया.
दादा भुसे ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का एक साथ समन्वित तरीके से भाग लेना आसान नहीं था. लेकिन शिक्षकों, स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग की मेहनत से यह संभव हो सका. उन्होंने सभी छात्रों, शिक्षकों और स्कूलों को इस सफलता के लिए बधाई दी.
शिक्षा के माध्यम से दिए जा सकते है कई राष्ट्रीय संदेश
इस आयोजन ने यह भी दिखाया कि यदि सही योजना और समर्पण हो, तो शिक्षा के माध्यम से बड़े सामाजिक और राष्ट्रीय संदेश दिए जा सकते हैं. गणतंत्र दिवस पर हुआ यह कार्यक्रम न सिर्फ एक रिकॉर्ड बना है. बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए देशभक्ति की प्रेरणा भी बन गया.
ये भी पढ़िए- नीट छात्रा मौत मामला: DNA टेस्ट के लिए परिवार का सैंपल लेने पर भड़के सांसद पप्पू यादव, ‘अरे बेशर्मों…’



