गणतंत्र दिवस: तिरंगा फहराने के बाद IAS टीना डाबी का वीडियो वायरल, ऐसा क्या हुआ?

राजस्थान के बाड़मेर की कलेक्टर टीना डाबी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह कुछ प्रशासनिक कदम नहीं बल्कि गणतंत्र दिवस से जुड़ी है. टीना डाबी का तिरंगा फहराने के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
दरअसल, कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर टीना डाबी तिरंगा फहराकर विपरीत दिशा में खड़ी हो गईं, हालांक कुछ ही पल के बाद उनकी सुरक्षा में तैनात जवान ने उन्हें इशारा कर सही दिशा के मुड़ने के लिए कहा. इस इशारे के तुरंत बाद टीना डाबी सही दिशा में मुड़ीं और राष्ट्रगान गाया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
ये घटनाक्रम उस समय तो बेहद सामान्य लगा लेकिन इस कार्यक्रम के बाद टीना डाबी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. यूजर्स इस वीडियो पर जमकर कमेंट कर रहे हैं. इस पर मिली जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है.
घटना पर टीना डाबी ने क्या कहा?
वहीं इस वीडियो को लेकर कलेक्टर टीना डाबी का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि कलेक्टर परिसर में झंडा फहराने के दौरान उनकी दोनों तरफ कर्मचारी खड़े थे ऐसे में एक वह तिरछी खड़ी हो गईं थी. उन्होंने कहा कि मैंने अगले ही पल अपनी दिशा सही कर ली थी, इसलिए ये सामान्य घटना है और इसमें किसी का भी अनादर नहीं किया गया है.
उत्साह के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
बता दें कि राजस्थान में सोमवार (26 जनवरी) को पारंपरिक उत्साह के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया. इस दौरान राज्य के शिक्षण संस्थानों व सरकारी भवनों में तिरंगा फहराया गया और संस्कृति व देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए.
जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ध्वजारोहण किया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी अलग-अलग जगह गणतंत्र दिवस समारोहों में भाग लिया. राज्यपाल बागडे ने तिरंगा फहराने के बाद परेड का निरीक्षण किया और ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ लिया.



