Jamui News: जमुई में पूर्व CS के घर लूट, इंजेक्शन लगा बदमाशों ने परिवार को किया बेहोश, मचा हड़कंप

जमुई में सोमवार (26 जनवरी, 2026) की सुबह कुछ बदमाशों ने पूर्व सिविल सर्जन विजेंद्र सत्यार्थी के घर लूटपाट की. घर का ताला तोड़कर कई बदमाश घुसे और हथियार का भय दिखाकर लूटपाट की. घटना गिद्धौर थाना से महज 15 से 20 फीट की दूरी की है. कितने की लूट हुई है और क्या कुछ कीमती सामान गया है यह अभी पता नहीं है. लोगों को घटना के बारे में पता चला तो हड़कंप मच गया.
यह जानकारी मिली है कि पहले पूर्व सिविल सर्जन को और फिर उनकी पत्नी पुष्पम सत्यार्थी को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया गया. इसके बाद बाथरूम से निकलते ही उनके पुत्र विक्रम सत्यार्थी को भी इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया गया. यह पूरी घटना सोमवार तड़के की है.
सभी को अस्पताल में कराया गया भर्ती
सूचना मिलते ही झाझा के विधायक दामोदर रावत सहित बड़ी संख्या में कई लोग पहुंचे. तीनों लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. बेटे डॉक्टर विक्रम सत्यार्थी ने बताया कि सुबह हमलोग उठे ही थे कि पांच हथियारबंद नकाबपोश ताला तोड़कर घर में घुस गए. बंदूक की नोक पर मां-पापा और मुझे बंधक बना लिया. लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद हम सभी को सुई लगा दी, जिससे हम लोग बेहोश हो गए.
विजेंद्र सत्यार्थी के पुत्र डॉक्टर विक्रम सत्यार्थी को करीब 8:30 बजे होश आया तो उन्होंने फोन कर घटना की जानकारी अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के अलावा पड़ोसी साथी को दी. उन्होंने कहा कि हथियार का भय दिखाकर बदमाश 80 लाख रुपया नकद मांगने लगे. कहने लगे कि उन लोगों को किसी ने बताया है कि घर में 80 लाख है. तीनों की हत्या की सुपारी दी गई है. इसके बाद सुई लगा दी गई. फिर क्या हुआ पता नहीं.
बताया गया कि क्या-क्या सामान की लूट हुई है, कितने की लूट हुई है, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है, लेकिन घर में रखे नकद, जेवरात और अन्य कीमती सामान की लूट हुई है. गिद्धौर थाने के एसआई जयप्रकाश सिंह ने कहा कि हम लोगों को अल सुबह पता चला है कि सुबह-सुबह बेहोश कर अपराधियों ने लूटपाट की है. पुलिस जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- Motihari Acid Attack: युवती ने मोबाइल नंबर को ब्लैकलिस्ट में डाला तो युवक ने फेंका एसिड, मोतिहारी का मामला



