Republic Day 2026 पर बोले मौलाना मशहूदुर्रहमान शाहीन जमाली चतुर्वेदी- संविधान ही देश की पहचान

उत्तर प्रदेश स्थित मेरठ के कैंट में मदरसा इमदादुल इस्लाम 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर मदरसा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया.
कार्यक्रम के दौरान मदरसा इमदादुल इस्लाम के प्रधानाचार्य एवं मानवता प्रचारक मौलाना मशहूदुर्रहमान शाहीन जमाली चतुर्वेदी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान एक प्यारा देश है, जिसकी मोहब्बत की मिसाल पूरी दुनिया में दी जाती है. इस देश की खूबसूरती सर्वधर्म समभाव, आपसी मोहब्बत, एक-दूसरे की आस्था और जज्बात की क़द्र करने में निहित है. उन्होंने कहा कि सभी के दुख-सुख में साथ खड़ा होना और हर मजहब का सम्मान करना ही हमारे देश की असली पहचान है.
मौलाना शाहीन जमाली चतुर्वेदी ने कहा कि हमारा प्यारा हिंदुस्तान हमारे दिलों में बसता है और आखिरी सांस तक बसता रहेगा. हम अपने वतन से मोहब्बत करते हैं और जब तक जान में जान है, अपने देश से प्रेम करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि मदरसों की शिक्षा का उद्देश्य इंसानियत और मोहब्बत को आगे बढ़ाना तथा लोगों के दिलों में देशप्रेम का संदेश देना है.
‘हमारे संविधान ने कई उतार-चढ़ाव देखे’, गणतंत्र दिवस के मौके पर बोले CM योगी आदित्यनाथ
एक-दूसरे के जज्बात का ख्याल रखते हैं हिन्दुस्तानी- मौलाना
इस अवसर पर उन्होंने यह पंक्तियां भी पढ़ीं-
‘इतनी सी बात हवाओं को बताए रखना
रोशनी होगी चरागों को जलाए रखना
लहू देखकर जिसकी हिफ़ाज़त की हमने
इस तिरंगे को आंखों में बसाए रखना’
उन्होंने कहा कि यह देश हम सबका है और हम सभी आपसी प्रेम और मोहब्बत को कायम रखेंगे. देश का संविधान हमारी पहचान है और राष्ट्रीयता की पहचान सबका देश, सबका सम्मान है. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान वह खूबसूरत देश है जहां हर मजहब के लोग मिल-जुलकर भाईचारे के साथ जीवन जीते हैं और एक-दूसरे के जज्बात का ख्याल रखते हैं.



