राज्य

‘जो कहा वो 100 फीसदी…’, रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी को बताया कठपुतली तो बोले तेज प्रताप यादव

बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव के बेटे और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया. तेजस्वी को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने उन्हें कठपुतली कह दिया. वहीं अब तेज प्रताप यादव ने रोहिणी के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि रोहिणी ने जो बोला है वह सौ फीसदी सही बोला है.

दरअसल, लालू यादव की बेटी और तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने तेजस्वी को जिम्मेदारी मिलने पर तंज कसते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, “सियासत के शिखर- पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप, ठकुरसुहाती करने वालों और ‘गिरोह-ए-घुसपैठ’ को उनके हाथों की ‘कठपुतली बने शहजादा’ की ताजपोशी मुबारक.”

इससे पहले, रविवार को ही रोहिणी आचार्य ने एक पोस्ट में पार्टी की मौजूदा स्थिति, नेतृत्व की भूमिका और आंतरिक हालात पर सवाल उठाए थे. रोहिणी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि घुसपैठियों ने पार्टी की कमान थाम ली है और लालू प्रसाद यादव की विरासत तबाह हो रही है.

वहीं तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर कहा कि जिम्मेदारी मिली है तो वे (तेजस्वी यादव) अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें.

राजद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया, जिसमें यादव, प्रसाद और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए. यादव की सबसे बड़ी बहन एवं पाटलिपुत्र से सांसद मीसा भारती भी बैठक में मौजूद थीं. बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी वर्तमान में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं.

बता दें कि तेजस्वी यादव और राज्यसभा सदस्य संजय यादव समेत उनके करीबी सहयोगियों को उनकी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य ने विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार के लिए सीधे तौर पर दोषी ठहराया था. रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने जवाबदेही तय करने पर जोर दिया, तो उन्हें गालियां दी गईं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!