राज्य

झारखंड के पूर्व CM शिबू सोरेन को पद्म भूषण का ऐलान, मरणोपरांत मिलेगा सम्मान

केंद्र सरकार ने रविवार (25 जनवरी) को पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है. झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण देने की घोषणा की गई है. उन्हें लोक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा.

गणतंत्र दिवस की पूर्ण संध्या पर केंद्र सरकार ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री विजेताओं के नामों की घोषणा की. गृह मंत्रालय की ओर से जारी पद्म पुरस्कारों की लिस्ट में 5 पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं.

4 अगस्त 2025 को शिबू सोरेन का हुआ था निधन

गौरतलब है कि कि 4 अगस्त 2025 को झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का निधन हुआ था. दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी. शिबू सोरेन, जिन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से भी जाना जाता था, झारखंड की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ रहे हैं.

शिबू सोरेन ने आदिवासियों के हक के लिए लड़ी लड़ाई

शिबू सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बैनर तले आदिवासियों के हक और अधिकार के लिए कड़ा संघर्ष किया था. उनका जन्म हजारीबाग में 11 जनवरी 1944 को हुआ था. उस वक्त हजारीबाग बिहार का ही हिस्सा था. उन्हें दिशोम गुरु और गुरुजी के नाम से जाना जाता है. उन्होंने आदिवासियों के शोषण के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी थी. 

शिबू सोरेन का राजनीतिक सफर

शिबू सोरेन साल 1977 में पहली बार चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन हार का मुंह देखना पड़ा था. हालांकि, 1980 से वह लगातार कई बार सांसद चुने गए. बिहार से अलग राज्य ‘झारखंड’ बनाने के आंदोलन में भी उनकी अहम भूमिका रही. वे तीन बार साल 2005, साल 2008 और साल 2009 में झारखंड के मुख्यमंत्री बने, लेकिन एक बार भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके. 

वो लोकसभा के साथ ही राज्यसभा के भी मेंबर रहे थे. उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार में मंत्री के तौर पर भी काम किया. स्वास्थ्य खराब रहने की वजह से उन्होंने धीरे-धीरे एक्टिव पॉलिटिक्स से दूरी बना ली थी और बेटे हेमंत सोरेन को पार्टी संभालने की जिम्मेदारी सौंपी थी. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!