औरंगजेब की कब्र में दफन करेंगे…’, AIMIM नेता इम्तियाज जलील पर जमकर बरसे नितेश राणे

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. मंत्री नितेश राणे ने AIMIM के महाराष्ट्र अध्यक्ष इम्तियाज जलील पर तीखा हमला बोला है. यह हमला ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन पार्षद सहर शेख के बयान और उस पर इम्तियाज जलील के समर्थन के बाद सामने आया है.
मंत्री नितेश राणे ने बेहद कड़े शब्दों में कहा, “ये हरा सांप इम्तियाज जलील शायद अपना इतिहास भूल गया है. जिस औरंगजेब और टीपू ने महाराष्ट्र को हरा करने का सपना देखा उनको इस भूमि में दफन करके हमारे छत्रपती शिवाजी महाराज और छत्रपती संभाजी महाराज ने दिखाया है.”
हिंदू राष्ट्र को लेकर दिया सख्त संदेश
मंत्री नितेश राणे यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा, “जितने जल्दी अपना इतिहास समजेगा तब वो जानेगा की हिंदू राष्ट्र है ये भगवा ही रहेगा.” उनके इस बयान को हिंदुत्व के मुद्दे पर सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है.
औरंगजेब की कबर का जिक्र कर दी चेतावनी
बीजेपी के मंत्री नितेश राणे ने एक और विवादित बयान देते हुए कहा, “जो जो हिंदू राष्ट्र को हरा करने का सपना देखेगा उसे महाराष्ट्र का हिंदू औरंगजेब की कब्र में दफन करेगा.” इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में काफी हलचल मच गई है.
बता दें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन की ओर से पार्षद सहर शेख ने एक बयान दिया था. उस बयान का समर्थन करते हुए AIMIM के महाराष्ट्र अध्यक्ष इम्तियाज जलील ने कहा था कि सहर शेख का बयान पार्टी का बयान है और हम आने वाले दिनों में पूरे महाराष्ट्र को हरा कर देंगे. इसी बयान को लेकर नितेश राणे ने आक्रामक रुख अपनाया है.
इस पूरे घटनाक्रम के बाद साफ है कि महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले दिनों में बयानबाज़ी और तेज हो सकती है. AIMIM और सत्तारूढ़ दलों के बीच टकराव का असर चुनावी माहौल पर भी पड़ने की संभावना है.



