मुंबई: मालाड स्टेशन पर मामूली विवाद में कॉलेज प्रोफेसर की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के मुंबई में पश्चिम रेलवे लाइन के मालाड रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नम्बर एक पर शनिवार को उस समय हड़कम्प मच गया, जब ट्रेन में मामूली कहासुनी के चलते ओंकार शिंदे नामक युवक ने कॉलेज प्रोफेसर आलोक सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया. स्टेशन परिसर पर हुई इस सनसनीखेज वारदात से अफरा-तफरी मच गई.
इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिए और सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जबकि ट्रेन में धारदार चाकू लेकर चलने पर रेलवे सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है.
क्या है पूरा मामला ?
घटना मालाड स्टेशन की है, दोनों ही लोकल ट्रेन में सवार थे, किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. जिसके बाद प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जैसे ही ट्रेन रुकी ओंकार शिंदे ने एकाएक चाक़ू से आलोक सिंह पर हमला कर दिया, चाकू के हमले से आलोक खून से लथपथ होकर गिर पडा. यह सब देख वहां यात्रियों में चीख पुकार मच गयी. मौका पाकर ओंकार वहां से भाग गया. सूचना पर पहुंची पुलिस घायल हालत में आलोक को अस्पताल लेकर पहुचीं जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी से पहचान के बाद गिरफ्तार
हत्या के बाद भागते हुए ओंकार स्टेशन पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे वसई स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ओंकार से बोरीवली स्तैओं में पूछताछ जारी है. पुलिस के मुताबिक दोनों में पहले कोई दुश्मनी नहीं थी. ट्रेन में ही कोई विवाद हुआ था. फ़िलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी.
उधर इस घटना ने रेलवे में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है. एक व्यक्ति खुलेआम चाकू लेकर यात्रा कर रहा है, कहीं भी उसे पकड़ा नहीं गया. जबकि तमाम स्टेशन पर चेकिंग मशीनें और उपकरण भी हैं. यात्रियों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है.



