जयपुर में तेज रफ्तार Thar का कहर, बाइक सवार युवक को कुचला, युवती घायल

राजधानी जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार थार कार का कहर देखने को मिला है. इस बार एक ब्लैक थार ने बाइक सवार युवक और पैदल जा रही युवती को टक्कर मार दी. यह पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सामने आया है.
यह दर्दनाक हादसा जयंती मार्केट चौराहे के पास हुआ. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में आ रही ब्लैक थार ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार थार के नीचे फंस गया.
बाइक सवार को घसीटती हुई ले गई थार
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि थार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कुछ दूर तक उसे घसीटते हुए ले जाती है. इसके बाद गाड़ी सामने बने डिवाइडर से टकरा जाती है. टक्कर के बाद बाइक सवार थार के नीचे दब गया.
हेलमेट के बावजूद नहीं बची जान
हादसे में बाइक सवार 27 साल के फैजान की मौके पर ही मौत हो गई. बताया गया है कि फैजान ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी जान नहीं बच सकी.
इस हादसे में 19 साल की कुलसुम भी गंभीर रूप से घायल हो गई. वह सड़क किनारे पैदल जा रही थी, तभी थार की चपेट में आ गई. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
थार जब्त, हिरासत में ड्राइवर
पुलिस ने हादसे के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए थार गाड़ी को जब्त कर लिया है. वहीं, गाड़ी चला रहे ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि जयपुर में लगातार लग्जरी गाड़ियों से जुड़े हिट एंड रन के मामले सामने आ रहे हैं. तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है, जिससे शहर में डर का माहौल बनता जा रहा है.



