अलीगढ़: पति को चारपाई से बांधकर पीटने का आरोप, तमंचे के साथ महिला का वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश एक अलीगढ़ में टप्पल थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. जिसमें महिला पर पति को चारपाई से बांधकर मारपीट करने का आरोप है और महिला खुद तमंचे के साथ है. युवक की मां सुमन ने बहू सोनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, जिसमें बेटे और परिवार की सुरक्षा को खतरा बताया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामला युवक द्वारा शराब की लत से जोड़ा जा रहा है, जिससे आजिज आकर पत्नी ने उसे चारपाई से बांध दिया. जबकि मां का आरोप है कि बहु अपने पास तमंचा रखती है. उसने ही पुलिस को बहु के तमंचे के साथ फोटो दिए हैं.
क्या है पूरा मामला ?
हामिदपुर निवासी सुमन ने बताया कि उनके बेटे की शादी 4 साल पहले रसूलपुर निवासी वरुण सिंह की बेटी सोनी से हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद से ही सोनी ने विवाद शुरू कर दिया था. सुमन की माने तो बहु सोनी लगातार अपने पास तमंचा रखती है और मारने की धमकी देती है. उनके मुताबिक बहु बेटे को चारपाई से बांधकर पीट रही थी और बमुश्किल उन्होंने अपने बेटे को बचाया. सुमन ने वीडियो समेत पुलिस से शिकायत की है.
https://www.instagram.com/p/DT2kuWdD23L/
वीडियो में शराब की वजह से बांधने का जिक्र
वायरल हो रहे वीडियो में पत्नी यानि सोनी पति को शराब पीने की वजह से बांधने की बात कह रही है. वह कहती है, “शराब बहुत पीता है – ऐसे ही बंधा रहने दो, नशा उतर जाएगा.” जबकि मां बेटे की छुड़ाने की जिद करती है और पुलिस बुलाने की बात पर पत्नी चुनौती देती है और कहती है आने दो पुलिस को.
पुलिस ने शुरू की जांच
टप्पल पुलिस के मुताबिक मामला पारिवारिक है. लेकिन महिला के पास अवैध हथियार कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो की भी पड़ताल की जाएगी. दोनों पक्षों को परख कर कार्रवाई होगी. फिलहाल यह वीडियो जिसमें बहु तमंचे के साथ और पति चारपाई पर बंधा है, तेजी से वायरल है. लोग इस वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.



