बिहार: चाय दुकानदार से साइबर ठगी, बिजली बिल रिचार्ज के नाम पर उड़ा लिए 99,900 रुपये

बिहार के आरा में एक चाय दुकानदार से ठगी हुई है. 13 रुपये के बिजली बिल रिचार्ज के नाम पर साइबर ठगों ने 99,900 रुपये उड़ा लिए. मामला नगर थाना क्षेत्र के गौसगंज का है. गौसगंज के रहने वाले रामनाथ चौरसिया चाय-पान की दुकान चलाते हैं. अब सामान्य जीवन जीने वाले रामनाथ को जब ऐसा झटका लगा है तो उन्हें गहरा सदमा लगा है.
21 दिसंबर को आया था वॉट्सएप कॉल
बताया जाता है कि 17 दिसंबर को मीटर लगवाने के बाद 21 दिसंबर को रामनाथ के पास वॉट्सऐप कॉल आया था. कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मी बताया और 13 रुपये रिचार्ज नहीं होने पर बिजली काटने की बात कही. झांसे में आकर उन्होंने एटीएम से जुड़ी जानकारी और ओटीपी साझा कर दी. इसके बाद खाते से 99,900 निकल गए. पीड़ित ने नगर थाना और साइबर थाना में आवेदन दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
बिजली विभाग की लगी थी डीपी
रामनाथ चौरसिया ने बताया कि 17 दिसंबर को दुकान में बिजली का मीटर लगवाया था. 21 दिसंबर को 8282003776 नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया. नंबर के डीपी में बिजली विभाग का लोगो लगा था. कॉल रिसीव करने के बाद सामने वाले ने कहा कि 13 रुपया रिचार्ज कीजिए नहीं तो बिजली कट जाएगी. मैंने फोन पे से रिचार्ज किया, लेकिन रिचार्ज नहीं हुआ.
बताया कि दोबारा कॉल आया और पूछा कि कि आप एटीएम यूज करते हैं, तो मैंने कहा कि हां. उसे यह भी बताया कि एटीएम कार्ड घर पर है. घर जाकर बेटी को कहा कि बिजली विभाग से कॉल है, जो भी पूछ रहे हैं, वो बता देना. कुछ देर बाद मैसेज आया, जिसमें मेरे अकाउंट से 99 हजार 900 रुपये कटने की बात लिखी गई थी.
20 जनवरी को हुई बेटी की सगाई
रामनाथ ने कहा कि वो तुरंत नगर थाना पहुंचे. नगर थाना में कहा गया कि साइबर थाना जाइए, लेकिन साइबर में बोला गया कि एक लाख से कम की राशि है, आप स्थानीय थाना में जाकर आवेदन दीजिए. इसके बाद मैंने नगर थाना में आवेदन दिया है. बताया कि 20 जनवरी को उन्होंने अपनी छोटी बेटी की सगाई की है. अब शादी को लेकर पैसे के चलते टेंशन हो रही है.
यह भी पढ़ें- माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुए व्यवहार पर तेज प्रताप यादव का रिएक्शन, ‘संत, साधु, महात्मा…’



