UP: महिला ने 95 हजार रुपये में 6 महीने के बच्चे को बेचा! पिता की शिकायत पर 24 घंटे के अंदर बरामदगी, 2 गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: आम तौर पर मां को बच्चे की सबसे बड़ी संरक्षक माना जाता है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से आई यह घटना सभी को हैरान कर देने वाली है. यहां एक महिला ने सिर्फ 95 हजार रुपये के लिए अपने छह महीने के बेटे को बेच दिया.
इस अमानवीय कृत्य से लोगों में गुस्सा और दुख दोनों है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया. यह घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.
मां समेत एक और महिला गिरफ्तार
पुलिस ने बच्चे की मां ममता देवी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही इस घटना में शामिल होने के आरोप में अनीता शुक्ला नाम की एक और महिला को गिरफ्तार किया गया है. वह प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है. पुलिस ने बताया कि बच्चे को किसने खरीदा, इसकी तलाश जारी है.
पूछताछ में ममता देवी ने पुलिस को बताया कि उन्हें पैसे की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने अनीता के माध्यम से अपने बच्चे को एक अज्ञात व्यक्ति को 95 हजार रुपये में बेच दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस बच्चे को पिता को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर रही है.



