67 साल की महिला निकली खतरनाक हथियार तस्कर, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 67 वर्षीय महिला रंबीरी को गिरफ्तार किया है. रंबीरी मेरठ के हस्तिनापुर की रहने वाली है और लंबे समय से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल थी. पुलिस ने उसके कब्जे से चार अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन अतिरिक्त मैगजीन बरामद की हैं.
स्पेशल सेल के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में हाल के दिनों में बढ़ते हथियारों के इस्तेमाल को देखते हुए अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सूचना मिली कि एक बुज़ुर्ग महिला हथियारों की तस्करी में सक्रिय है और अपनी उम्र का फायदा उठाकर पुलिस की नजरों से बच रही है.
एमपी से लाकर दिल्ली-मेरठ में करती थी सप्लाई
जांच में सामने आया कि रंबीरी ट्रेन से मध्य प्रदेश जाती थी, वहां से हथियार खरीदकर उन्हें दिल्ली और मेरठ लाकर गैंगस्टरों व अपराधियों को सप्लाई करती थी. सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने जाल बिछाकर रंबीरी को दबोच लिया.
पूछताछ में उसके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ. रंबीरी के पति की मौत साल 2003 में हो गई थी, जिसके बाद वह एक आदतन अपराधी के संपर्क में आई और अपराध की दुनिया में उतर गई.
2008 में गुरुग्राम में हुई करोड़ों की लूट में भी थी शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रंबीरी 2008 में गुरुग्राम में हुई करीब 1.48 करोड़ रुपये की बैंक लूट में शामिल थी. उसी साल हरिद्वार के ज्वालापुर इलाके में एक और बैंक लूट में भी उसका नाम सामने आया. 2009 में दिल्ली के कमला मार्केट इलाके में बैंक लूट की कोशिश के मामले में भी वह आरोपी रही.
जेल से आने पर भी नहीं छोड़ा अपराध
लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते 2009 में उस पर मकोका कानून के तहत मामला दर्ज हुआ था और वह 2017 तक जेल में रही. जेल से बाहर आने के बाद भी रंबीरी ने अपराध नहीं छोड़ा और दोबारा अवैध हथियारों के कारोबार में जुट गई. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.



