राज्य

बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर अनुराग ठाकुर ने नितिन नवीन को दी बधाई, बोले- ‘ये गर्व की बात’

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नितिन नवीन के बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्वाचन को लेकर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह बीजेपी और भारत दोनों के लिए गर्व का विषय है. 

अनुराग सिंह ठाकुर ने बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नवीन के पदभार ग्रहण करने पर भेंट कर उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की. साथ ही अनुराग सिंह ठाकुर ने बीजेपी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को अतिसफल बताते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी.

इस दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी को दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनाने का श्रेय इसके समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है. हिमाचल प्रदेश की देवभूमि से आने वाले जगत प्रकाश नड्डा ने भारतीय जनता पार्टी को अध्यक्ष के रूप में अपनी कड़ी मेहनत और समर्पित कार्यकर्ता भाव से सिंचित कर पार्टी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया.”

जेपी नड्डा की भी तारीफ की

उन्होंने कहा, “बीजेपी के कई राज्यों के विधानसभा चुनाव, स्थानीय चुनाव व लोकसभा चुनावों में जीत का श्रेय  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता व नड्डा जी संगठन कौशल एवं सबको साथ लेकर चलने के बेहतर प्रबंधन को जाता है. जेपी नड्डा जी का पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में 6 वर्षों का कार्यकाल सफल व पार्टी हित में रहा है जोकि प्रशंसनीय है.”

अनुराग सिंह ठाकुर ने ये भी कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र व बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी है. साथ ही भारत दुनिया का सबसे ज्यादा युवा आबादी का देश है और ऐसे में बीजेपी ने 45 वर्ष के युवा  नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने का निर्णय लिया है.”

‘Gen Z में जाएगा मजबूत संदेश’

ठाकुर ने कहा, “पांच बार के विधायक, छत्तीसगढ़ व सिक्किम जैसे राज्यों के प्रभारी, युवा मोर्चा में मेरे साथ महामंत्री और दो बार कैबिनेट मंत्री के रूप में उनकी कार्यशैली अत्यंत प्रभावी रही है. पीएम मोदी राजनीति में 1 लाख युवाओं को लाने की बात करते हैं ऐसे में नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से युवाओं में खासकर जेन-जी में एक सकारात्मक व मजबूत संदेश गया है.”

‘बीजेपी की कथनी-करनी में अंतर नहीं’

उन्होंने ये भी कहा, “नितिन नवीन के बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से यह साफ हो गया कि बीजेपी की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है. हमारे लिए राजनीति सत्ता नहीं सेवा का माध्यम है और बीजेपी का हर कार्यकर्ता इसी मूल भाव के साथ राष्ट्रसेवा में समर्पित है.” 

‘आगामी चुनाव में मिलेगी जीत’

बीजेपी नेता ने कहा, “आज पीएम मोदी के रूप में बीजेपी के पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता है और नवीन के वृहद राजनैतिक अनुभव का लाभ भी पार्टी को अवश्य मिलेगा जिसके चलते बीजेपी आगामी चुनावों में जीत हासिल कर जनकल्याण व विकसित भारत के अपने मिशन को और आगे बढ़ाएगी.”

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!