राज्य

सिरोही: रामझरोखा मंदिर भूमि विवाद पर BJP नेता तेजराज सोलंकी को HC से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

राजस्थान के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी रामझरोखा की मंदिर ट्रस्ट की बहुचर्चित भूमि पर की गई टिप्पणी और कथित रूप से नियम विरुद्ध पट्टे जारी किए जाने के प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर अब यह राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बन गया है. इस मामले में बीजेपी नेता तेजराज सोलंकी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर पर राजस्थान उच्च न्यायालय ने अहम हस्तक्षेप करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर भी अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है.

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का लगाया आरोप

सिरोही सदर थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 3/2026 नव परगना देवासी समाज के नाम से हार्दिक देवासी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए परिवाद के आधार पर केस दर्ज किया गया था. इसमें आरोप लगाया गया था कि बीजेपी नेता तेजराज सोलंकी ने सोशल मीडिया पर राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया है.

इस प्रकरण की सुनवाई राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर की एकलपीठ में माननीय न्यायमूर्ति कुलदीप माथुर के समक्ष हुई थी. अदालत ने प्रारंभिक सुनवाई के बाद तेजराज सोलंकी को अंतरिम राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दिया, साथ ही न्यायालय ने राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक को पूरे मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट एवं केस डायरी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं.

10 फरवरी को निर्धारित की गई अगली सुनवाई

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच आवश्यक है, ताकि यह तय किया जा सके कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में आती है या फिर किसी दूसरी श्रेणी में आती है. वहीं अगली सुनवाई 10 फरवरी 2026 को निर्धारित की गई है. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता तेजराज सोलंकी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विनीत जैन ने प्रवीन व्यास के साथ मजबूत पैरवी करते हुए दलील दी कि, यह मामला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का दमन किया जा रहा है. वहीं मामले पर राज्य सरकार की ओर से लोक अभियोजक हनुमान राम प्रजापति ने भी पैरवी की.

राम झरोखा मंदिर ट्रस्ट की भूमि से जुड़ा यह विवाद पहले से ही क्षेत्र में राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जा रहा है. अब हाईकोर्ट की इस अंतरिम राहत के बाद मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है. राजनीतिक गलियारों में इसे राज्यमंत्री ओटाराम और बीजेपी नेता तेजराज सोलंकी के बीच बढ़ते टकराव के रूप में देखा जा रहा है.

Input By : तुषार पुरोहित

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!